दुनिया

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच गहराया सीमा विवाद, जवानों ने एक-दूसरे पर बरसाईं गोलियां; राजदूतों को भी बुलाया वापस

Thailand Cambodia Border Dispute: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद गहराता जा रहा है। दोनों देशों ने अपने राजदूतों को वापस बुलाया है। इस बीच, थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों ने विवादित सीमा क्षेत्र में एक-दूसरे पर गोलीबारी की और दोनों ने ही एक-दूसरे पर पहले गोलीबारी करने का आरोप लगाया।

Image

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच गहराया सीमा विवाद

Photo : AP

Thailand Cambodia Border Dispute: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद गहराता जा रहा है। दोनों देशों ने अपने राजदूतों को वापस बुलाया है। इस बीच, थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों ने विवादित सीमा क्षेत्र में एक-दूसरे पर गोलीबारी की। थाईलैंड की ओर से जारी किए गए एक लाइवस्ट्रीम वीडियो में गुरुवार सुबह लोगों को अपने घरों से भागते और कंक्रीट के बंकर में छिपते हुए दिखाया गया। इस दौरान बीच-बीच में धमाकों की आवाजें भी आ रही थीं।

कहां हुई झड़प?

यह झड़प उस इलाके में हुई जहां थाईलैंड के सुरिन प्रांत और कंबोडिया के ओड्डार मीनचे प्रांत की सीमा पर प्राचीन प्रसात ता मुएन थॉम मंदिर स्थित है। थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ने ही एक-दूसरे पर पहले गोलीबारी करने का आरोप लगाया।

निचले स्तर पर दोनों के रिश्ते

इससे पहले थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ उत्तर-पूर्वी सीमा चौकियों को बंद कर दिया और अपने राजदूत को वापस बुला लिया। साथ ही कंबोडियाई राजदूत को देश छोड़ने का आदेश दिया। यह कदम एक थाई सैनिक के बारूदी सुरंग विस्फोट में पैर गंवाने के बाद लिया गया। ऐसे में कंबोडिया कहां चुप बैठने वाला था। कंबोडिया ने गुरुवार को थाईलैंड के साथ राजनयिक संबंधों को न्यूनतम स्तर पर ले जाने का ऐलान किया और बैंकॉक स्थित अपने दूतावास से सभी कर्मचारियों को वापस बुला लिया।

कब और क्यों बिगड़े रिश्ते?

दक्षिण-पूर्व एशियाई पड़ोसी देशों के बीच रिश्ते मई के बाद तेजी से तब बिगड़े जब एक कंबोडियाई सैनिक एक सशस्त्र टकराव में मारा गया जिन पर दोनों देशों के अपने-अपने दावे हैं। थाई सेना ने कहा कि पांच सैनिक बुधवार को बारूदी सुरंग की वजह से घायल हो गए जिसे थाईलैंड के उबोन रत्चथानी प्रांत में लगाया गया था, जबकि कंबोडिया का कहना है कि विस्फोट उसके प्रेह विहियर प्रांत में हुआ था।

थाईलैंड ने लगाए गंभीर आरोप

हफ्तेभर पहले एक अलग विवादित क्षेत्र में एक बारूदी सुरंग फट गई थी जिसमें तीन थाई सैनिक घायल हो गए थे। उस वक्त आलम ऐसा था कि एक थाई सैनिक का पैर बारूदी सुरंग में पड़ते ही फट गया था। थाई अधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह बारूदी सुरंगें उन रास्तों पर हाल ही में बिछाई गईं जिन्हें आपसी सहमति से सुरक्षित माना जाता था। उन्होंने कहा कि इन बारूदी सुरंगों को रूस में डिजाइन किया गया था और थाईलैंड की सेना द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली सुरंगों जैसी नहीं हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article