Taliban attacks Pakistan: अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायुसेना ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में ISIS के ठिकानों को निशाना बनाकर रात भर हमले किए। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि 'पिछली रात इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय की वायुसेना ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में ISIS के ठिकानों पर हमले किए। तालिबान ने अपने इस हमले में भारी नुकसान होने का दावा किया है।
मंत्रालय के अनुसार, ये ठिकाने कथित तौर पर कुछ 'शत्रुतापूर्ण खुफिया हलकों' के समर्थन से अफगानिस्तान के खिलाफ हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे, और पहले भी कई घातक हमलों की लॉन्चिंग बेस के तौर पर काम कर चुके थे।
कहां-कहां हुए हमले
तालिबान रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हमलों के निशाने पर बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले के गुलिस्तान इलाके और चागई जिले का शकर आब जंगल गार्डी क्षेत्र थे, जहां कथित तौर पर ISIS और अन्य शत्रु तत्वों के ठिकाने मौजूद थे। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा के ओरकजई एजेंसी स्थित कम्बर खेल इलाके में ISIS-खुरासान के एक ठिकाने को भी निशाना बनाया गया, जिसके बारे में दावा किया गया कि वहां संगठन के कई शीर्ष नेता अक्सर आते-जाते थे। मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी पूर्व-निर्धारित हाई-वैल्यू लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया।

tolo
तालिबान ने दी पाक को चेतावनी
बयान में तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अफगानिस्तान अब अपनी सुरक्षा और स्थिरता को लेकर किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा, और वह अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल कर ऐसे किसी भी खतरे को शुरुआती चरण में ही बेअसर और खत्म करने का प्रयास करेगा। मंत्रालय ने अपनी सुरक्षा नीति में बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि अफगानिस्तान अब अपनी स्थिरता के लिए किसी भी खतरे को सहन नहीं करेगा।
पाक-अफगानिस्तान में लगातार बढ़ रहा तनाव
यह घटनाक्रम पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते कई महीनों से जारी तनाव के बीच सामने आया है। फरवरी 2026 में पाकिस्तानी हवाई हमलों से शुरू हुआ यह टकराव लगातार बढ़ता गया। दोनों देशों के बीच सीमा पर तोपखाने की गोलीबारी, ड्रोन हमले और सैन्य झड़पें होती रही हैं। इससे पहले 11 जून को अफगान विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को तलब कर पाकिस्तानी हवाई हमलों में आम नागरिकों के घरों पर बमबारी और अफन हवाई क्षेत्र के उल्लंघन को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
9 जून की रात कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में हुए हमले
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक 9 जून की रात कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में हुए हमले में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुज़ुर्ग की मौत हुई थी, जबकि 14 अन्य महिलाएं और बच्चे घायल हुए थे। पाकिस्तान लगातार यह आरोप लगाता रहा है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और ISIS-ख़ुरासान जैसे गुट अफगान जमीन का इस्तेमाल कर उसके यहां हमलों की साजिश रचते हैं। एक ऐसा आरोप जिसे काबुल में तालिबान सरकार बार-बार खारिज करती रही है। इस पूरे संघर्ष में अब तक दोनों तरफ सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या आम नागरिकों की भी है।
