दुनिया

सेउटा सीमा संकट: स्पेन-मोरक्को बॉर्डर पर हालात गंभीर, मृतकों की संख्या बढ़कर 67; सुरक्षा और कड़ी

सेउटा उत्तरी अफ्रीका में स्थित स्पेन का स्वायत्त शहर है, जो भौगोलिक रूप से मोरक्को से घिरा हुआ है। यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले अफ्रीकी प्रवासियों के लिए यह सबसे प्रमुख प्रवेश मार्गों में से एक माना जाता है। यही कारण है कि यहां समय-समय पर बड़े पैमाने पर प्रवासी संकट देखने को मिलता रहा है।

Image

सेउटा में बढ़ा संकट। (फोटो- pti)

स्पेन और मोरक्को के बीच सेउटा सीमा पर प्रवासी संकट और गहरा गया है। स्पेन सरकार ने सीमा के ताजा हालात के बारे में जानकारी दी है। ताजा अपडेट के मुताबिक, इस त्रासदी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है। इन मृतकों में वे लोग भी शामिल हैं जो समुद्र के रास्ते सीमा पार करने की कोशिश में डूब गए,जबकि कुछ लोगों की मौत सीमा पर बने ब्रेकवॉटर को पार करने के दौरान मची भगदड़ में हुई।

स्पेन सरकार ने बताया कि बीते गुरुवार और शुक्रवार को करीब 60 हजार प्रवासियों ने किसी न किसी तरह से मोरक्को से स्पेन के स्वायत्त शहर सेउटा में घुसने की कोशिश की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने समुद्र के रास्ते तैरकर सीमा पार करने का प्रयास किया,जबकि कई अन्य लोगों ने सीमा पर बने अवरोधों और बाड़ को पार करने की कोशिश की। इससे सीमा क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई।

यही हालात शनिवार सुबह भी जारी रहे। शनिवार को भी कई थके-हारे प्रवासी तैरकर ताराजल समुद्र तट पहुंचे,लेकिन वहां तैनात स्पेनिश सैनिकों ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद वापस मोरक्को भेज दिया।

स्पेन सरकार ने सीमा सुरक्षा की और सख्त

वहीं, ताजा पैदा हुए हालातों की गंभीरता को देखते हुए स्पेन सरकार ने सीमा सुरक्षा और सख्त करने का फैसला लिया है। सरकार ने घोषणा की है कि ब्रेकवॉटर की बाड़ के साथ एक अतिरिक्त अवरोधक दीवार बनाई जाएगी,ताकि भविष्य में बड़े पैमाने पर अवैध घुसपैठ को रोका जा सके। स्पेन के गृह मंत्रालय ने सीमा पार करने वालों के बारे में बताया है कि ज्यादातर लोग वापस मोरक्को लौट चुके हैं। बावजूद इसके सीमा पर सुरक्षा बलों की तैनाती अब भी बढ़ी हुई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सेउटा की प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा असर

बता दें कि करीब 84 हजार की आबादी वाले स्वायत्त शहर सेउटा में इस घटना का बड़ा असर देखने को मिला है। यहां अचानक बड़ी संख्या में प्रवासियों के पहुंचने से स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ गया और जनजीवन भी प्रभावित हुआ। शहर के हालातों के बारे में सेउटा के प्रशासनिक प्रमुख जुआन जीसस विवाज ने कहा कि सीमा पर हुई इस अभूतपूर्व घटना ने पूरे शहर की सामान्य व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति को सामान्य करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रहा है।

इसलिए सेउटा में होती है घुसपैठ

सेउटा उत्तरी अफ्रीका में स्थित स्पेन का स्वायत्त शहर है, जो भौगोलिक रूप से मोरक्को से घिरा हुआ है। यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले अफ्रीकी प्रवासियों के लिए यह सबसे प्रमुख प्रवेश मार्गों में से एक माना जाता है। यही कारण है कि यहां समय-समय पर बड़े पैमाने पर प्रवासी संकट देखने को मिलता रहा है। इस बार मौतों की बढ़ती संख्या ने न केवल मानवीय संकट को गहरा कर दिया है, बल्कि स्पेन और मोरक्को के बीच सीमा सुरक्षा तथा प्रवासन नीति को लेकर नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article