दुनिया

The Order of the White Double Cross: PM मोदी को स्लोवाकिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, मिला 33वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने ब्रातिस्लावा में एक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया। व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) का ऑर्डर स्लोवाकिया द्वारा विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक और सैन्य राजकीय सम्मान है।

Image

पीएम मोदी को मिला 33वां अंतरराष्ट्रीय सर्वोच्च नागरिक सम्मान।

नार्वे के बाद स्लोवाकिया ने भी अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया है।स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां वैश्विक सम्मान है। इससे पहले, पिछले माह पांच देशों की पीएम मोदी की यात्रा के दौरान नॉर्वे और स्वीडन ने उन्हें अपने देश के सर्वोेच्च नागरिक सम्मान से नवाजा था।

क्या है 'द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)'?

'द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' स्लोवाकिया गणराज्य का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। यह सम्मान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति द्वारा विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है। यह सम्मान स्लोवाकिया के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों के विकास में असाधारण योगदान, और साथ ही देश की विदेश नीति के हितों व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी स्थिति के लिए उत्कृष्ट समर्थन के लिए प्रदान किया जाता है।

पीएम मोदी को क्यों मिला ये सम्मान

स्लोवाकिया सरकार ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को भारत और स्लोवाकिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने,वैश्विक स्तर पर सहयोग बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में उनके योगदान के लिए प्रदान किया।

पीएम मोदी ने जताया आभार

वहीं, स्लोवाकिया द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट कर वहां की सरकार और जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा कि आज शाम ब्रातिस्लावा में व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) का ऑर्डर प्राप्त करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने इसे भारत की 140 करोड़ जनता का सम्मान करार दिया। पीएम मोदी ने लिखा कि मैं यह पुरस्कार भारत और स्लोवाकिया के बीच अटूट मित्रता को समर्पित करता हूं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी एक सप्ताह की यूरोप यात्रा के तहत ब्रातिस्लावा पहुंचे हैं। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है। यहां आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच लंबी वार्ता हुई। इस दौरान भारत और स्लोवाकिया ने सोमवार को अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाने तथा द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। दोनों देशों ने इसी के साथ प्रवासन, डिजिटल प्रौद्योगिकी और रक्षा जैसे कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर हस्ताक्षर भी किये हैं।

दोनों नेता भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को यथाशीघ्र लागू करने की दिशा में काम करने पर भी सहमत हुए। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें