दुनिया

पाकिस्तान में दिल दहलाने वाली वारदात, गुरुद्वारे के अंदर बुजुर्ग सिख दंपति की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने हत्या की निंदा की है और पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज ने पाकिस्तान के एक प्रांत में गुरुद्वारे के अंदर हुई हत्या की कड़ी निंदा की।

Image

पाकिस्तान गुरुद्वारे में सिख दंपति की हत्या

Photo : AP

Sikh Elderly couple Shot dead in Pak: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को एक गुरुद्वारे में अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग सिख दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक मर्दान के ख्वाजा गंज बाजार स्थित बाबू मोहल्ला में गुरुद्वारे के देखभालकर्ता थे। मृतक 70 वर्षीय जगन्नाथ और उनकी पत्नी अस्मा वंती थे। गुरुद्वारे में घुसकर दंपति को बेरहमी से गोली मारने वाले हमलावर फरार हैं। गुरुद्वारे की सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड तैनात था, लेकिन हमले के समय वह वहां मौजूद नहीं था। द न्यूज इंटरनेशनल के अनुसार, परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन जांचकर्ताओं ने पाया कि डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर काम नहीं कर रहा था।

अकाल तख्त ने की कड़ी निंदा

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने हत्या की निंदा की है और पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। अकाल तख्त के जत्थेदार (मुख्य पुजारी) ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज ने पाकिस्तान के एक प्रांत में गुरुद्वारे के अंदर हुई हत्या की कड़ी निंदा की। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल खान अफरीदी से इस मामले का कड़ा संज्ञान लेने, दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की अपील की।

तरुण चुघ ने याद दिलाया नेहरू-लियाकत समझौता

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने हत्याओं की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान 1950 के नेहरू-लियाकत समझौते के तहत किए गए वादों को निभाने में लगातार विफल रहा है, जिसमें भारत और पाकिस्तान दोनों में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की गारंटी दी गई थी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने इस अपराध की निंदा करते हुए कहा कि ये हत्याएं पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों द्वारा सामना की जा रही असुरक्षा, भय और उत्पीड़न की एक और भयावह याद दिलाती हैं। सिंह ने X पर लिखा, पाकिस्तान एक बार फिर दुनिया के सामने बेनकाब हो गया है।

पूर्व सांसद बुशरा गोहर सरकार को निशाने पर लिया

पाकिस्तान की पूर्व सांसद बुशरा गोहर ने इसे बेरहम हत्या बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रांतीय सरकारें प्रांत के नागरिकों की रक्षा करने में विफल रही हैं। अवामी नेशनल पार्टी की नेता ने हत्या की निंदा करते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष जांच" की मांग की और कहा कि "अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। गोहर ने X पर लिखा, बिगड़ती सुरक्षा स्थिति ने खैबर पख्तूनख्वा को कत्लगाह बना दिया है। लोग बेखौफ होकर मारे जा रहे हैं जबकि सत्ता में बैठे लोग चुप हैं।

बुजुर्ग सिख दंपति की गोली मारकर हत्या

पाकिस्तान के अखबार डॉन के अनुसार, मरदान जिले के एक गुरुद्वारे में अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें गुरुद्वारे के रखवाले के रूप में सेवा कर रहे एक व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस और बचाव 1122 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पाकिस्तानी अखबार द न्यूज इंटरनेशनल ने मृतकों की पहचान 70 वर्षीय जगन्नाथ और उनकी पत्नी अस्मा वांती के रूप में की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलावर होटी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बाबू मोहल्ला ख्वाजा गंज बाजार स्थित गुरुद्वारे में घुसे और गोलीबारी करने के बाद मौके से फरार हो गए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!