दुबई के शासक और यूएई के उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का सोमवार को 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन के बाद दुबई में 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है। इस दौरान पूरे अमीरात में झंडे आधे झुके रहेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा,"महामहिम शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। समाज सेवा में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियाँ हमेशा याद रखेंगी। मैं शाही परिवार और दुबई की जनता के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।"
कौन थे शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम?
शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम दुबई के शासक परिवार के प्रमुख सदस्यों में शामिल थे। वह दिवंगत शेख राशिद बिन सईद अल मकतूम के चौथे और सबसे छोटे बेटे थे। शेख राशिद दुबई के पूर्व शासक और UAE के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं में शामिल थे।
शेख अहमद ने दुबई पुलिस और पब्लिक सिक्योरिटी के डिप्टी चेयरमैन के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली। उनका सैन्य, खेल और कारोबारी क्षेत्रों से भी लंबे समय तक जुड़ाव रहा। उन्होंने ब्रिटेन की रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से शिक्षा हासिल की और बाद में दुबई के सेंट्रल मिलिट्री कमांड से जुड़े।
यूएई की सेना और सुरक्षा क्षेत्र में योगदान
शेख अहमद को UAE के सैन्य और सुरक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भी याद किया जा रहा है। दुबई के शासक शेख मोहम्मद ने अपने भाई के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शेख अहमद उनकी नजरों से दूर जरूर हो गए हैं, लेकिन उनकी दुआओं और दिल में हमेशा रहेंगे।
शेख अहमद का खेल जगत से भी पुराना रिश्ता रहा। वह अल वस्ल स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष रहे और क्लब के विकास में उनकी भूमिका रही। इसके अलावा UAE में घुड़दौड़ और घोड़ों की ब्रीडिंग से भी उनका जुड़ाव था। जिबेल अली रेसकोर्स के विकास में भी उनका योगदान बताया जाता है।
दुबई में 10 दिन का आधिकारिक शोक
शेख अहमद के निधन के बाद दुबई में 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है। इस अवधि में अमीरात में राष्ट्रीय झंडे आधे झुके रहेंगे। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई शीर्ष नेताओं ने भी शेख अहमद के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
