France Knife Attack: फ्रांस में चाकू से हमले की एक और घटना सामने आई है। आल्प्स क्षेत्र के एक शहर में गुरुवार को एक हमलावर द्वारा चाकू से किए गए हमले में दो वयस्क व्यक्ति और कई बच्चे घायल हो गए। इनमें से कुछ को जानलेवा चोटें आई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एनेंसी शहर में हुई घटना
गृह मंत्री गेराल्ड डारमेनिन ने कहा कि हमले की यह घटना एनेंसी शहर में हुई। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि एनेंसी में एक मैदान में एक सशस्त्र व्यक्ति के चाकू से किए गए हमले में बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि हमले में चार बच्चे और दो वयस्क व्यक्ति घायल हुए हैं।
अधिकारी ने आगाह किया कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि पूर्ण विवरण अभी नहीं मिल पाया है। अधिकारी ने कहा कि उन्हें घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी नहीं है। नेशनल पुलिस ने भी कहा कि घायलों में चार बच्चे शामिल हैं जिनमें दो गंभीर रूप से जख्मी हैं।
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल है।पुलिस ने घायलों की संख्या में वृद्धि होने का अंदेशा जताया है। स्थानीय सांसद एंटनी आरमंड ने ट्विटर पर कहा कि बच्चों पर खेल के मैदान में हमला किया गया। बीएफएमटीवी की खबर के अनुसार, इस घटना को लेकर पेरिस में सांसदों ने संसद की कार्यवाही के बीच में एक मिनट का मौन रखा। (Bhasha Input)
