IDF News: इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने गुरुवार को कहा उसने हिज्बुल्ला के सीनियर कमांडर हसन मोहम्मद बशीर को मार गिराया है। बशीर एंटी-टैंक इकाई का प्रमुख था जिसे आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ चलाए गए अभियान में खत्म कर दिया गया। X पर अपने एक पोस्ट में आईडीएफ ने कहा कि आईडीएफ और इजरायली नागरिकों के खिलाफ हमलों की साजिश रचने में बशीर शामिल था। आईडीएफ ने कहा कि हाल के दिनों में वह दक्षिणी लेबनान में लिटानी नदी के उत्तर में हिज्बुल्ला के एंटी-टैंक यूनिट के साथ नजदीकी से जुड़ा था।
सैकड़ों आतंकी हमलों को अंजाम दिया था-IDF
आईडीएफ ने अपने पोस्ट में कहा, 'समाप्त किया गया, हसन मोहम्मद बशीर, जो हाजिर क्षेत्र में हिज्बुल्ला की एंटी-टैंक इकाई के एक वरिष्ठ कमांडर थे। बशीर ने आईडीएफ (IDF) के सैनिकों और इजराइली नागरिकों के खिलाफ सैकड़ों आतंकी हमलों को अंजाम दिया था। वह कई आतंकी सेल्स का नेतृत्व करता था और हाल ही में वह लितानी नदी के उत्तर में एंटी-टैंक नेटवर्क में शामिल होने लगा था।' इससे पहले दिन में, आईडीएफ ने पुष्टि की कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नौसेना के शीर्ष नेतृत्व को मार गिराया गया है, जिसमें उसके कमांडर और खुफिया विभाग के प्रमुख शामिल हैं।
कमांडर अली रजा तंगसीरी को मार गिराया
X पर एक पोस्ट में, आईडीएफ ने बताया कि इजराइली वायुसेना ने मिलिट्री इंटेलिजेंस और नौसेना की खुफिया शाखा से मिली सटीक जानकारी के आधार पर बंदर अब्बास में रातभर कार्रवाई की और पिछले आठ वर्षों से रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना के कमांडर अली रजा तंगसीरी को मार गिराया।
'ईरान पर पूरी ताकत से जारी है हमला'
इजराइल ने बृहस्पतिवार को ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसेना के प्रमुख कमांडर अलीरजा तंगसिरी को मार गिराने का दावा किया। तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की रणनीति की अगुवाई कर रहे थे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक संक्षिप्त वीडियो संदेश में कहा कि इजराइल ईरान पर पूरी ताकत से हमला करना जारी रखे हुए है, जबकि इस्लामी गणराज्य और उसके लेबनानी सहयोगी हिज्बुल्ला ने इजराइल भर में कई हमले किए, जिससे लोगों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा।
नौसेना के कमांडर को मार गिराया-नेतन्याहू
नेतन्याहू ने कहा, 'कल रात हमने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की नौसेना के कमांडर को मार गिराया। इस व्यक्ति के हाथ खून से सने थे, और वह होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के लिए भी जिम्मेदार था।’ उन्होंने कहा, 'हम ईरान के आतंकी शासन के ठिकानों पर पूरी ताकत से हमले करना जारी रखेंगे।’ बृहस्पतिवार को ईरान और लेबनान की ओर से बड़ी संख्या में मिसाइल, रॉकेट और ड्रोन हमलों के कारण पूरे इजराइल में चेतावनी सायरन बजाए गए, जिससे दोपहर तक लोगों को कई बार आश्रय स्थलों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। चिकित्साकर्मियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को इजराइल में हुए इन हमलों में कम से कम दस लोग घायल हुए।
