दुनिया

SCO समिट में 31 अगस्त को होगी पीएम मोदी और पुतिन की महाबैठक, क्रेमलिन ने बताया ब्रिक्स सम्मेलन में भी जारी रहेगी वार्ता

बिश्केक में आयोजित 26वें SCO शिखर सम्मेलन के इतर 31 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन में भी दोनों नेता वार्ता जारी रखेंगे।

Image

चीन के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद पीएम मोदी से मिलेंगे पुतिन

Photo : ANI

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और रूस के शीर्ष नेतृत्व के बीच एक बेहद अहम द्विपक्षीय बैठक होने जा रही है। रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 31 अगस्त को किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्चस्तरीय बातचीत करेंगे। क्रेमलिन ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई यह वार्ता आगामी सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में भी जारी रहेगी।

SCO समिट में पुतिन की 9 द्विपक्षीय बैठकें

रूस की आधिकारिक समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन के वरिष्ठ सहयोगी यूरी उशाकोव ने जानकारी दी कि बिश्केक सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन कुल 9 द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। उशाकोव ने बताया कि 31 अगस्त को राष्ट्रपति पुतिन पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक करेंगे। इसके तुरंत बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता की मेज पर होंगे। क्रेमलिन के सहयोगी ने कहा, "चीन के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद हमारे राष्ट्रपति भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। यह बैठक बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि हमने इसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा करने पर सहमति जताई है।"

नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन के दौरान जारी रहेगी चर्चा

क्रेमलिन के प्रवक्ता और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि बिश्केक में शुरू हो रही यह वार्ता एक शृंखला का हिस्सा है। उशाकोव ने जोर देकर कहा कि भारत और रूस के बीच 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी' है। दोनों देश लगभग सभी क्षेत्रों में बहुत करीब से सहयोग कर रहे हैं। बिश्केक में 31 अगस्त की बैठक के बाद, दोनों नेता 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान अपनी चर्चा को आगे बढ़ाएंगे। हाल ही में मॉस्को पहुंचे भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी, जिससे इस शीर्ष स्तरीय वार्ता की पृष्ठभूमि तैयार हुई है।

भारत का आधिकारिक रुख: व्यापक संबंधों की होगी समीक्षा

भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए इस बैठक की पुष्टि की। सिबी जॉर्ज के अनुसार, इस द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेता भारत-रूस के समग्र और व्यापक संबंधों की गहन समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर ताशकंद की राजकीय यात्रा पर हैं। इसके बाद वे 31 अगस्त से 1 सितंबर तक बिश्केक (किर्गिस्तान) में आयोजित होने वाले 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि इस साल का SCO शिखर सम्मेलन संगठन की 25वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। भारत 2017 में इसका पूर्णकालिक सदस्य बना था। बिश्केक सम्मेलन में पीएम मोदी सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसरों जैसे भारत के प्राथमिक विषयों को वैश्विक मंच पर रखेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article