Sanae Takaichi : जापान में साने तकाइची लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की प्रेसिडेंट चुनी गई हैं। शनिवार को हुए चुनाव में उन्हें इस पद के लिए चुना गया। एलडीपी के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली वह पहली महिला हैं। उन्हें जापान का अगला प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है। ताकाइची ने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा कराए गए अंतर-दलीय मतदान में कृषि मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी को हराया, जो लोकप्रिय पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइज़ुमी के पुत्र हैं।
अगला प्रधानमंत्री बनने की ओर अग्रसर ताकाइची
ताकाइची 15 अक्टूबर को बुलाए जाने वाले एक विशेष डाइट सत्र में होने वाले चुनाव के बाद अगला प्रधानमंत्री बनने की ओर अग्रसर हैं। चुनाव के बाद ताकाइची ने कहा, 'खुश होने के बजाय, मुझे आगे एक बहुत कठिन रास्ता दिखाई दे रहा है।' उन्होंने पार्टी को दोबार खड़ा करने के लिए सांसदों से सहयोग की अपील की। उन्होंने यह भी कहा, 'हम एलडीपी (लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी) को एक जीवंत और ऊर्जावान पार्टी बनाएंगे।'
आर्थिक सुरक्षा मंत्री रह चुकी हैं ताकाइची
64 वर्षीय साने ताकाइची देश की आर्थिक सुरक्षा मंत्री रह चुकी हैं। वे जापान की सत्तारूढ़ एलडीपी के दक्षिणपंथी धड़े की ओर झुकाव रखती हैं। अगले प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए संसद में 15 अक्टूबर को मतदान होने की उम्मीद है। ताकाइची के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की जगह लेने की उम्मीद है, क्योंकि एलडीपी संसद में सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है।
