दुनिया

रूस ने जेलेंस्की के गृह नगर को बनाया निशाना, ड्रोन हमले में 14 लोगों की मौत, 130 से ज्यादा घायल

क्रीवी रिह डिफेंस काउंसिल के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल के मुताबिक, रूसी ड्रोनों ने शहर के सबसे बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया, जिससे इमारत में आग लग गई। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सांद्र हांजा ने बताया कि घायलों में 22 बच्चे शामिल हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है।

Image

जेलेंस्की के गृह नगर को रूस ने बनाया निशाना।

Photo : AP

Zelenskyy's hometown attacked: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृहनगर क्रीवी रिह पर रूस ने ड्रोन से हमले किये हैं। एक शॉपिंग मॉल पर दो ड्रोन से हुए हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत होने और 130 से ज्यादा घायल होने की खबर है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। जेलेंस्की ने इसे 'क्रूर और घिनौना' आतंकी हमला बताया है। रिपोर्टों के मुताबिक यह हमला शुक्रवार को यूक्रेन के मध्य शहर क्रीवी रिह में हुआ। यह शहर राष्ट्रपति जेलेंस्की का गृहनगर है, और फ्रंटलाइन से महज लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित है।

सबसे बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया

क्रीवी रिह डिफेंस काउंसिल के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल के मुताबिक, रूसी ड्रोनों ने शहर के सबसे बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया, जिससे इमारत में आग लग गई। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सांद्र हांजा ने बताया कि घायलों में 22 बच्चे शामिल हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। कुल मिलाकर 29 लोग गंभीर हालत में हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आए, जिनमें बचावकर्मी सड़क पर घायलों की मदद के लिए दौड़ते और इमारत से धुआं उठता दिखा।

जेलेंस्की बोले-रूस पर दबाव बनाए दुनिया

जेलेंस्की ने दावा किया कि पहले ड्रोन हमले के करीब तीस मिनट बाद दूसरा ड्रोन उसी जगह टकराया। उनका आरोप है कि यह जानबूझकर आपातकालीन बचाव दलों को निशाना बनाने के लिए किया गया। उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा कि ऐसे हमले सीधे-सीधे आतंकी कार्रवाई हैं, और दुनिया को रूस पर ठोस दबाव बनाना चाहिए।

एक अलग रूसी हमले में चार लोगों की मौत

इसी बीच, यूक्रेन के गृह मंत्री इवान विहिव्स्की का दावा है कि मायकोलाइव क्षेत्र में एक अलग रूसी हमले में चार लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे शामिल थे। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब रूस ने पिछले कुछ महीनों में यूक्रेनी शहरों पर बमबारी और तेज़ कर दी है। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार निगरानी मिशन के मुताबिक, जुलाई महीने में रूसी हमलों में कम से कम 437 आम नागरिक मारे गए और 2,610 घायल हुए। यह मई 2022 के बाद का सबसे ज्यादा मासिक आंकड़ा है।

यूक्रेन ने रूस के भीतर हमले तेज किए

दूसरी तरफ यूक्रेन ने भी रूस के भीतर अपने हमले तेज किए हैं। खासकर तेल प्रतिष्ठानों और लॉजिस्टिक्स ढांचे पर, ताकि मॉस्को की युद्ध चलाने की क्षमता कमज़ोर की जा सके। अल जजीरा की रिपोर्टिंग के मुताबिक, यूक्रेन ने रूस के सबसे बड़े ऑनलाइन रिटेलर से जुड़े गोदामों पर भी हाल के हफ्तों में हमले बढ़ाए हैं, जिससे मॉस्को नाराज बताया जा रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article