दुनिया

रूस ने यूक्रेन में पावर ग्रिड को किया तबाह, तो कीव ने मॉस्को के तेल ठिकानों को बनाया निशाना, कब बुझेगी जंग की आग

Russia Ukraine War: लगभग चार साल पहले रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू हुई थी। तब से लगातार रूस ने यूक्रेन के नागरिक इलाकों पर हमले किए हैं।

Image

रूस-यूक्रेन ने एक दूसरे पर किया हमला।

Russia Ukraine War: दुनिया इस समय दो मोर्चों पर गंभीर जंग झेल रही है। एक ओर ईरान-इजरायल और अमेरिका में टकराव जारी है तो दूसरी ओर रूस और यूक्रेन में जंग जारी है। दोनों ही मोर्चों पर जंग के शांत होने की कोई कवायद सफल होती नहीं दिख रही है। इस बीच रूस और यूक्रेन ने एक दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। जहां रूस के एक ड्रोन हमले में यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा में दो महिलाओं और एक छोटे बच्चे की मौत हो गई। वहीं,यूक्रेन ने लंबी दूरी के ड्रोन से काला सागर स्थित रूसी बंदरगाह को निशाना बनाया है। यह बंदरगाह तेल निर्यात की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

यूक्रेनी अधिकारियों ने रूसी हमले को बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रात के समय हुए इस हमले में ओडेसा की एक इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, दो महिलाओं और दो साल के एक बच्चे की जान चली गई। राहतकर्मियों ने 'फ्लडलाइट' की रोशनी में मलबे से चार लोगों को बाहर निकाला।

वोलोदिमीर जेलेंस्की बोले रूस ने पावरग्रिड को बनाया निशाना

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले को लेकर'एक्स'पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कगा कि रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड को भी निशाना बनाया है और रात भर हुए हमलों में चेर्निहीव, सुमी, खारकीव और द्नीप्रो क्षेत्रों की ऊर्जा संरचना को भी नुकसान पहुंचा है। इन हमलों के कारण उत्तरी चेर्निहीव क्षेत्र में तीन लाख से अधिक घरों को अंधेरे में रहना पड़ा।

रूस ने एक हफ्ते में यूक्रेन पर 2,800 से अधिक ड्रोन हमले किये

जेलेंस्की के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर 2,800 से अधिक ड्रोन हमले किये हैं, जबकि लगभग 1,350 शक्तिशाली ग्लाइड बम और विभिन्न प्रकार की 40 से अधिक मिसाइलें दागी हैं।

जेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेन के सहयोगियों को हवाई रक्षा मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए। अमेरिका के नेतृत्व में शांति प्रयासों के ठप होने के बीच जेलेंस्की ने यह भी कहा कि रूस का अपने आक्रमण को रोकने का कोई इरादा नहीं है।

नोवोरोस्सिस्क बंदरगाह पर यूक्रेन ने दागे ड्रोन

वहीं, दूसरी तरफ रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायुरक्षा प्रणालियों ने रातभर में यूक्रेन के 50 ड्रोन मार गिराए। क्रास्नोदार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रातयेव ने बताया कि रूस के काला सागर के प्रमुख बंदरगाहों में से एक नोवोरोस्सिस्क पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इस हमले में छह इमारतों और दो निजी घरों को नुकसान पहुंचा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,ड्रोन का निशाना काला सागर बंदरगाह पर स्थित शेस्खारिस तेल टर्मिनल था। पिछले हफ्ते, यूक्रेन के ड्रोन ने रूस के उत्तर-पश्चिम में फिनलैंड की खाड़ी में स्थित तेल प्रतिष्ठानों पर भी हमला किया था।

लगभग चार साल पहले रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू हुई थी। तब से लगातार रूस ने यूक्रेन के नागरिक इलाकों पर हमले किए हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 15,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article