दुनिया

Ukraine war: यूक्रेन को झुकाकर मानेंगे पुतिन! हॉवित्जर तोप, थर्माइट बम से बरपा रहे कहर

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 12, 2022, 12:00 PM IST

Russia Ukraine war : थर्माइट बम को काफी खतरनाक माना जाता है। यह एक झटके में हड्डियों को जला देता है। यह बम इतना खतरनाक है कि इसके इस्तेमाल को लेकर मानवाधिकार संगठन चेतावनी दे चुके हैं। यह बम तुरंत जान नहीं लेता बल्कि शरीर को भारी नुकसान पहुंचाता है और त्वचा को जला देता है।

KEY HIGHLIGHTS
  • क्रीमिया के पुल पर हमला होने के बाद रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन बौखला गए हैं
  • बीत तीन दिनों से रूस की सेना यूक्रेन के शहरों को निशाना बनाकर हमले कर रही है
  • रूस ने अपने घातक एवं बड़े हथियारों को अब जंग के मैदान में उतार दिया है

Russia Ukraine war : क्रीमिया के पुल पर हमला होने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बौखला गए हैं और यूक्रेन के शहरों को चुन-चुनकर निशाना बना रहे हैं। बीते तीन दिनों में रूसी की सेना ने यूक्रेन के शहरों पर मिसाइल और बम बरसाते हुए भीषण हमले किए हैं। रूसी हमलों के नए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं। इन वीडियो में यूक्रेन की तबाही का भयानक मंजर नजर आया है। रूस ने अब यूक्रेन के निकोपोल शहर को निशाना बनाकर हमला किया है। रिपोर्टों की मानें तो यूक्रेन के शहरों पर थर्माइट बम गिराए जा रहे हैं। गत सोमवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव सहित 12 शहरों पर बम बरसाए। रूसी सेना ने यूक्रेन के ऊर्जा, सैन्य एवं नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर मिसाइल गिराए। कई मिसाइलें राजधानी कीव में गिरीं।

काफी खतरनाक होता है थर्माइट बम

थर्माइट बम को काफी खतरनाक माना जाता है। यह एक झटके में हड्डियों को जला देता है। यह बम इतना खतरनाक है कि इसके इस्तेमाल को लेकर मानवाधिकार संगठन चेतावनी दे चुके हैं। यह बम तुरंत जान नहीं लेता बल्कि शरीर को भारी नुकसान पहुंचाता है और त्वचा को जला देता है। इस खतरनाक बम का अंतिम बार इस्तेमाल द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी का तानाशाह हिटलर ने किया था। अब यही बम पुतिन के जखीरे से निकला है और यूक्रेन में जलजला ला रहा है। यूक्रेन पर हॉवित्जर एएफयू और ट्यूलिप 2एस4 से लगातार हमले हो रहे हैं। हॉवित्जर काफी शक्तिशाली तोप है। दुश्मन के क्षेत्र में यह भारी नुकसान पहुंचाता है।

सुखोई-25 से सैनिकों को बनाया निशाना

रिपोर्टों की मानें तो पुतिन इस बार यूक्रेन को उसके घुटनों पर लाना चाहते हैं। उसे पूरी तरह से तबाह-बर्बाद करने के लिए उन्होंने अपने सुखोई-25 को जंग में उतार दिया है। सुखोई से कम ऊंचाई से यूक्रेन की सेना पर हमले हो रहे हैं। बता दें कि रूस ने मंगलवार को यूक्रेन पर फिर से हवाई हमले किए। इससे एक दिन पहले किए गए हमलों में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई थी। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने इन हमलों को ‘स्तब्धकारी’बताया और कहा कि यह युद्ध अपराध के समान हो सकते हैं।

सर्गेई ने बताया-कब हो सकता है परमाणु बम का इस्तेमाल

यूक्रेन पर परमाणु हमले को लेकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि उनका देश तभी परमाणु हथियारों का सहारा लेगा जब रूस को तबाही का सामना करना पड़ेगा। सरकारी टीवी से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश रूस की मंशा को लेकर झूठी अटकलों को बढ़ावा दे रहे हैं। इस बीच रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने मंगलवार को चेताया कि यूक्रेन को पश्चिमी देशों की सैन्य सहायता, नाटो के सदस्य देशों में उसके सैनिकों को प्रशिक्षित करना, यूक्रेन को उपग्रह का डेटा उपलब्ध कराना, पश्चिमी देशों को कीव की तरफ से संघर्ष में तेजी से शामिल कर रहा है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article