वाशिंगटन : अमेरिका इन दिनों पाकिस्तान पर मेहरबान बना हुआ है। उसे आर्थिक एवं सैन्य रूप से मदद पहुंचा रहा है। यही नहीं, अमेरिका पहुंचे पाक सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा की उसने दिल खोलकर मेजबानी भी की है लेकिन पाकिस्तान की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पर उसे भरोसा नहीं है। उसने पाकिस्तान यात्रा को लेकर अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया है। इस एडवाइजरी में अमेरिका नागरिकों को पाकिस्तान के अत्यंत जोखिम भरे इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है। पाकिस्तान में बढ़ी सामुदायिक हिंसा एवं आंतकवाद के मद्देनजर यात्रा परामर्श जारी किया गया है।
आतंकवाद एवं अपहरण की घटनाएं तेजी से बढ़ीं
पाकिस्तान में हाल के दिनों में आतंकवाद एवं अपहरण की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इसे देखते हुए अमेरिका ने गुरुवार को लेवल 3 की एडवाइजरी जारी की। इसमें अमेरिकी नागरिकों को फाटा सहित बलूचिस्तान एवं खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की यात्रा न करने की सलाह दी गई है। साथ ही नागरिकों को सीमावर्ती इलाकों में न जाने और परिवेश को लेकर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। एडवाइजरी के मुताबिक पेशावर स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास अपने नागरिकों को कॉन्सुलर सेवा देने में असमर्थ है।
निशाना बना सकते हैं आतंकी
परामर्श में कहा गया है, 'आतंकवादी बहुत कम या बिना किसी चेतावनी के हमला कर सकते हैं। वे परिवहन केंद्रों, बाजारों, शॉपिंग मॉल, सैन्य प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन स्थलों, स्कूलों, अस्पतालों, पूजा स्थलों और सरकारी सुविधाओं को निशाना बना सकते हैं। आतंकवादियों ने अतीत में अमेरिकी राजनयिकों और राजनयिक प्रतिष्ठानों पर हमले किए हैं।'
