यूक्रेन के साथ जारी जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अब तक का सबसे खतरनाक कदम उठाने का ऐलान कर दिया है। रूस, अपने दोस्त और पड़ोसी बेलारूस में परमाणु हथियारों (Nuclear Weapons) की तैनाती करने जा रहा है। पुतिन के इस कदम से यूक्रेन के साथ-साथ पोलैंड और कई यूरोपीय देशों पर परमाणु हमले का खतरा मंडराने लगा है। जो अमेरिका के दोस्त माने जाते हैं।
पुतिन ने किया ऐलान
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि मास्को अगले महीने अपने कुछ सामरिक परमाणु हथियारों (Tactical Nuclear Weapons) को बेलारूस में तैनात करेगा। पुतिन ने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ एक बैठक के दौरान कहा कि परमाणु हथियारों के लिए सुविधाओं के निर्माण पर काम 7-8 जुलाई तक पूरा हो जाएगा और इसके तुरंत बाद इन हथियारों की तैनाती कर दी जाएगी।
क्या कहा पुतिन ने
पुतिन ने सोची के ब्लैक सी रिसॉर्ट में अपने आवास पर लुकाशेन्को की मेहमाननबाजी की और टेलीविजन संदेश में कहा- "सबकुछ योजना के मुताबिक चल रहा है। 7-8 जुलाई को संबंधित केंद्रों की तैयारियां पूरी हो जाएंगी और हम आपके क्षेत्र में उन हथियारों की तैनाती से जुड़ी गतिविधियां तत्काल शुरू कर देंगे।"
किसको खतरा
रूस के इस कदम से उन देशों पर खतरा मंडराने लगा है, जो हैं तो रूस और बेलारूस के बगल में, लेकिन तरफदारी अमेरिका की करते हैं। सबसे ज्यादा खतरा यूक्रेन को है, जिसके साथ रूस इस समय जंग लड़ रहा है। इसके अलावा पोलैंड भी इसकी जद में होगा, पोलैंड, यूक्रेन युद्ध को बाद से ही रूस के खिलाफ है। साथ ही नाटो सदस्य और कई यूरोपीय देशों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
