रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी है। इस दौरान दोनों के बीच करीब 55 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। क्रेमलिन ने इसकी जानकारी दी है। वार्ता के दौरान दोनों के बीच यूक्रेन युद्ध, ईरान के साथ संभावित समझौते और रूस-अमेरिका संबंधों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जन्मदिन की बधाई देने वाले पुतिन पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि ट्रंप इस बात से खासे प्रभावित हुए। वहीं, वार्ता के दौरान ट्रंप ने अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप की ओर से भी पुतिन को शुभकामनाएं दीं। इसके जवाब में पुतिन ने मेलानिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने के प्रयासों में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते पर भी चर्चा की। ट्रंप ने कहा कि वार्ता के नतीजों को जल्द सार्वजनिक किया जा सकता है। इसके अलावा यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करते हुए उन्होंने सैन्य कार्रवाई समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पुतिन ने बातचीत में दावा किया कि रूस के नागरिक ठिकानों पर हाल में हुए यूक्रेनी हमले शांति प्रक्रिया में बाधा पैदा कर रहे हैं। वहीं ट्रंप ने कहा कि वह संघर्ष के समाधान के लिए यूरोपीय देशों और कीव पर प्रभाव डालने को तैयार हैं।
क्रेमलिन के अनुसार, दोनों नेताओं ने रूस और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच आगे के संपर्कों पर भी चर्चा की। इसी क्रम में सामने आया है कि अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और कुशनर भी जल्द मॉस्को का दौरा कर सकते हैं। यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो रहे हैं। दोनों नेताओं की यह वार्ता वैश्विक राजनीति में संभावित नए घटनाक्रमों का संकेत मानी जा रही है।
