PM Modi US Visit: पीएम मोदी के दौरे से पहले अमेरिका में हिंदुस्तान की धूम मची हुई है। पीएम मोदी के दौरे को लेकर अमेरिकी प्रशासन तैयारियां में जुटा है। न्यू जर्सी में एक रेस्तरां ने पीएम मोदी के दौरे से पहले उनके नाम पर एक खाने की थाली लॉन्च की है। यह रेस्तरां न्यू जर्सी में स्थित है।
भारतीय समुदाय के बीच लोकप्रिय
ANI के अनुसार न्यूजर्सी स्थित एक रेस्तरां ने संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी आगामी यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित एक विशेष थाली लॉन्च की है। भारतीय मूल के रेस्तरां के मालिक श्रीपद कुलकर्णी ने कहा कि थाली को वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की मांगों पर विशेष रूप से क्यूरेट किया गया है।
आइटम में क्या-क्या है
एएनआई की तरफ से शेयर किए वीडियो में कुलकर्णी को "मोदी जी" थाली के बारे में जानकारी देते हुए देखा जा सकता है। इस थाली में लगभग पूरे भारत के व्यंजन शामिल हैं। इसमें- खिचड़ी, रसगुल्ला, सरसों का साग, कश्मीरी दम आलू, इडली, ढोकला, छाछ, पापड़ जैसे आइटम शामिल हैं।
ग्राहकों ने क्या कहा
रेस्तरां के मालिक ने यह भी कहा कि कई लोग पहले ही इस विशेष थाली का स्वाद चख चुके हैं। कई ग्राहक, जो वीडियो में दिखाई दे रहे हैं, ने कहा कि उन्हें खाना बहुत पसंद आया। यह थाली भारतीय समुदाय के बीच बेहद लोकप्रिय है। हालांकि थाली की कीमत का जिक्र इस वीडियो में नहीं किया गया है।
कब है पीएम मोदी का दौरा
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21-24 जून तक अमेरिका की यात्रा पर जा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान, पीएम मोदी की मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा व्हाइट हाउस में एक राजकीय रात्रिभोज में की जाएगी।
