US Iran War: अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई थी। इसी बातचीत को लेकर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने जानकारी शेयर की है।
कैरोलिन लेविट ने दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को 'सार्थक' बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत काफी अच्छी रही । एक सवाल का जवाब देते हुए लीविट ने कहा कि "राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं और यह एक सार्थक बातचीत थी।" यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और इसका असर वैश्विक ऊर्जा सप्लाई और समुद्री सुरक्षा पर पड़ रहा है।
बता दें कि मंगलवार को महत्वपूर्ण ऊर्जा गलियारों को सुरक्षित करने के लिए वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रयासों के बीच, पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उच्च स्तरीय टेलीफोन वार्ता की।
किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फोन कॉल में पश्चिम एशिया के हालात, खासकर ऊर्जा आपूर्ति और रणनीतिक रास्तों की सुरक्षा पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले भी साफ किया है कि भारत क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति बहाल करने के पक्ष में है।
इस बातचीत को लेकर एक और दिलचस्प पहलू सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि एलन मस्क भी इस कॉल में शामिल थे। हालांकि, उनकी भूमिका क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बातचीत को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने ट्रंप से हुई बातचीत की जानकारी देते हुए एक्स हैंडल पर पोस्ट में कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बात हुई और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान हुआ। भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज स्ट्रेट का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। हम शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमत हुए।"
