प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने फ्रांस दौरे के दौरान पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित करते हुए भारत की विकास यात्रा, लोकतंत्र की ताकत और भारत-फ्रांस संबंधों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि फ्रांस केवल कला, संस्कृति और नवाचार का केंद्र ही नहीं है, बल्कि यहां रह रहे भारतीय समुदाय ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने में अहम भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत पेरिस की खूबसूरती का जिक्र करते हुए की। उन्होंने कहा, 'पेरिस रंगों का शहर है। यह आर्ट, आइडिया और इनोवेशन की प्रेरणा देता है। लेकिन भारत के अलग-अलग राज्यों से आए लोग इसे और भी खूबसूरत बना देते हैं। आज जब मैं फ्रांस से वापस जाने की तैयारी कर रहा हूं तो ऐसा लग रहा है जैसे मैं किसी भारत कनेक्ट्स कार्यक्रम में शामिल हूं।'
उन्होंने आगे कहा कि फ्रांस में बसे भारतीयों ने 21वीं सदी में भारत और फ्रांस के संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयास दोनों देशों की साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत बनते जा रहे हैं।
12 साल पूरे होने पर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
यहां प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 वर्षों तक देश की सेवा करना मेरे लिए गर्व की बात है। यह भारत के लोकतंत्र की शक्ति है कि एक चाय बेचने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है।उन्होंने पिछले 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है और कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की गई है।
विकास के आंकड़ों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) दोगुनी हो गई है। देश में एयरपोर्ट और विश्वविद्यालयों की संख्या भी दोगुनी हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति तीन गुना बढ़ी है, जबकि मेट्रो नेटवर्क चार गुना विस्तार कर चुका है।उन्होंने यह भी कहा कि भारत का निर्यात पिछले 12 वर्षों में 35 गुना बढ़ा है और आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में लगभग 25 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े गरीबी उन्मूलन अभियानों में से एक है।आवास, युवा, किसान और महिलाओं का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि फ्रांस में कुल जितने घर हैं उनसे अधिक पक्के घर पिछले 12 वर्षों में हमने जरूरतमंदों के लिए बनाए हैं। आज के भारत के युवा बहुत बड़े सपने देख रहे हैं। भारत के किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज भारत की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत और फ्रांस के संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने भारतीय समुदाय से भारत की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बने रहने का आह्वान किया।
