प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यहां अपने इथियोपियाई समकक्ष अबी अहमद अली से मुलाकात की और द्विपक्षीय और पारस्परिक हित के मुद्दों पर चर्चा की। अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर यहां पहुंचे मोदी का नेशनल पैलेस में औपचारिक स्वागत किया गया।
खुद कार चलाकर छोड़ने गए पीएम अली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को इथियोपिया पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी की अगवानी के लिए इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने अदीस अबाबा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद थे। उन्होंने पीएम मोदी का न सिर्फ ग्रैंड वेलकम किया बल्कि खुद कार चलाकर पीएम मोदी को होटल छोड़ने गए।
पीएम मोदी का पहला इथियोपिया दौरा
यह पीएम मोदी का पहला इथियोपिया दौरा है। वे यहां संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। वह तीन देशों की यात्रा के तीसरे चरण के तहत इथियोपिया से ओमान जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि वे विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने के लिए इथियोपियाई नेतृत्व के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।
विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क पहुंचे पीएम मोदी
एयरपोर्ट से होटल ले जाते समय रास्ते में पीएम अली ने अपने भारतीय समकक्ष मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क का भ्रमण करवाया। यह उनके पहल से तय कार्यक्रम में नहीं था इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को इथियोपियाई कॉफी की अलग-अलग किस्मों के बारे में जानकारी भी दी। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता अली का यह विशिष्ट व्यवहार मोदी के प्रति उनके उल्लेखनीय सम्मान को दर्शाता है।
इथियोपिया ‘ग्लोबल साउथ’में भारत का प्रमुख भागीदार
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम के दौरे के बारे में भी जानकारी दी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि भारत-इथियोपिया के सदियों पुराने संबंधों का जश्न मनाते हुए! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इथियोपिया की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर अदीस अबाबा पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से रंगारंग स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि इथियोपिया ‘ग्लोबल साउथ’में भारत का एक प्रमुख भागीदार है और ब्रिक्स का एक साथी सदस्य भी है। पीएम मोदी भारत-इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर अली के साथ व्यापक बातचीत करेंगे।
संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री की इथियोपिया यात्रा से पहले विदेश मंत्रालय ने कहा था कि पीएम की यह यात्रा 'ग्लोबल साउथ'में साझेदार के रूप में भारत और इथियोपिया के बीच गहरी दोस्ती और द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने की दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि होगी। इथियोपिया की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री देश की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह 'लोकतंत्र की जननी'के रूप में भारत की यात्रा और 'ग्लोबल साउथ'के लिए भारत-इथियोपिया साझेदारी क्या मायने रखती है विषय पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी इथियोपिया में प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।
‘ग्लोबल साउथ’ में उन देशों को गिना जाता है, जो विकासशील,कम विकसित अथवा अविकसित के रूप में जाने जाते हैं। ये देश मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लातिन अमेरिका में स्थित हैं।
