दुनिया

PM मोदी-मैक्रों ने किया ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्घाटन, दुनिया को दिया इनोवेशन में साझेदारी का खुला निमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे।

Image

पीएम मोदी ने फ्रांस में किया 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन।

फ्रांस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य नवाचार, प्रौद्योगिकी और निवेश सहयोग को बढ़ावा देना और भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से जोड़ना है।

भारत-फ्रांस के रिश्ते साझा विजन से प्रेरित

'भारत इनोवेट्स'के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया भर के अलग-अलग देश एक-दूसरे के साथ व्यापार करते हैं और रणनीतिक साझेदारी भी करते हैं। लेकिन कुछ ही रिश्ते ऐसे होते हैं जो आपसी हितों के अलावा एक साझा सोच (विज़न) से भी प्रेरित होते हैं। भारत-फ्रांस के रिश्ते ऐसे ही हैं।

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में भारत-फ्रांस संबंधों पर बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस रिश्ते में जुड़ाव,पक्का विश्वास, इनोवेशन, प्रेरणा, साझा मूल्य और साझा विजन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसी रिश्ते की नींव पर, हमने पिछले कुछ वर्षों में मिलकर नई पहल शुरू की हैं और नए विचारों को आगे बढ़ाया है।

हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने की भी पूरी कोशिश की - PM मोदी

हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने की भी पूरी कोशिश की है। चाहे वह इंटरनेशनल सोलर अलायंस हो, AI से जुड़ी बातचीत हो, या सुरक्षा से लेकर सस्टेनेबिलिटी तक हमारी पार्टनरशिप हो - यानी, हमारे दोनों देशों ने मानवता से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए मिलकर काम किया है। इस साल फरवरी में 'भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर' की शुरुआत हुई थी। मुझे खुशी है कि आज हम फ्रांस के साथ मिलकर 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन कर रहे हैं।

भारत के टैलेंट और यूरोपियन कैपिटल के बीच एक ब्रिज बन रहा इनोवेट्स का ये मंच

उन्होंने कहा कि इनोवेट्स का ये मंच भारत के टैलेंट और यूरोपियन कैपिटल के बीच एक ब्रिज बन रहा है। भारत के यंग माइंड्स को यूरोपियन एक्सपर्टिज से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। आज यहां भारत के भविष्य की झलक दिखाई देगी।

डिसरप्शन और डेवलपमेंट का है ये दशक

उन्होंने कहा कि दुनिया के लिए ये दशक डिसरप्शन और डेवलपमेंट दोनों का है। आज विश्व संघर्षों और क्लाइमेट चेंज के बढ़ते प्रभाव के बीच एक अभूतपूर्व उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। आज मानवता के सामने चुनौतियां ज्यादा है तो अवसर भी उतने ही ज्यादा हैं।

मैंक्रों ने पीएम मोदी का किया स्वागत

इससे पहले,'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भाषण दिया। उन्होंने फ्रांस में पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीस में आपका स्वागत करना बहुत सम्मान की बात है। कुछ महीने पहले, हमने मुंबई में संयुक्त रूप से 'फ्रांस-भारत इनोवेशन वर्ष' की शुरुआत की थी। सवाल यह नहीं था कि क्या भारत इनोवेशन कर रहा है, बल्कि यह था कि भारत के साथ साझेदारी में कौन इनोवेशन करेगा। उन्होंने कहा कि मैं आपकी इस यात्रा के लिए आपको बधाई देना चाहता हूं। कुछ दिन पहले ही आप आजादी के बाद से भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बने हैं। यह एक लंबा सफर रहा है जो आपके पक्के इरादे और आपके देश की ताकत को दिखाता है; यह वाकई काबिले-तारीफ है। इसलिए, हमें बहुत गर्व है कि आप हमारे बीच यहां मौजूद हैं।

ग्लोबल इनोवेशन में भारत सबसे आगे

उन्होंने आगे कहा कि भारत रिसर्च और इनोवेशन से प्रेरित देश है,ग्लोबल इनोवेशन में सबसे आगे है। अगर मैं एक उदाहरण दूं कि आप क्या कर सकते हैं,तो स्पेस सेक्टर इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। चंद्रयान-3 मिशन के साथ, चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने का कारनामा रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया, जिससे भारत की ताकत और इनोवेशन की क्षमता का पता चलता है।

पीयूष गोयल ने कही ये बात

इससे पहले'भारत इनोवेट्स'के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस साल हमारे रिश्ते एक खास ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक पहुंचे हैं। फरवरी 2025 में, प्रधानमंत्री मोदी ने पेरिस में AI एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की। फरवरी 2026 में, जब भारत ने AI इम्पैक्ट समिट की मेजबानी की, तो राष्ट्रपति मैक्रों हमारे साथ खड़े थे। आज, दोनों नेता नीस के खूबसूरत शहर में फिर से मिल रहे हैं और एक ज़्यादा समावेशी और इनोवेटिव दुनिया के लिए अपनी साझा सोच को दोहरा रहे हैं... साल 2026 को 'भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष' के तौर पर मनाया जा रहा है, जो इस पहल के लिए एक सही माहौल देता है।

इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इस वर्ष की शुरुआत में विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया था। यह यात्रा प्रमुख क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के नीस शहर में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। जहां फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने गले लगाकर उनका स्वागत किया।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!