PM Modi addresses Indian Community : अपने दो दिन के आधिकारिक दौरे पर रूस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मास्को में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। अपने इस संबोधन में पीएम मोदी ने पिछले 10 वर्षों में भारत में हुए विकास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में 10 साल का विकास तो एक ट्रेलर था। आने वाले 10 साल में भारत और तेजी के साथ विकास करेगा। देश आज बुलंदियों को छू रहा है। पीएम ने कहा कि चुनौती को चुनौती देना उनके डीएनए में है। भारत की नई गति नया इतिहास लिखेगी। पीएम को अपने बीच पाकर भारतीय समुदाय के लोग काफी उत्साहित थे। उन्होंने 'मोदी-मोदी' और भारत माता की जय के नारे लगाए।
भारत की तरक्की देखकर दुनिया हैरान है-पीएम
पीएम ने कहा कि बीते 10 वर्षों में भारत में हुए विकास और तरक्की देखकर दुनिया हैरान है। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं तो कहते हैं कि भारत बदल रहा है। उन्होंने भारत को बदलते देखा है। भारत जब जी-20 जैसे सम्मेलनों की मेजबानी करता है, तो दुनिया एक सुर में बोलती है। भारत 10 सालों में अपने हवाईअड्डों की संख्या दोगुनी कर देता है तो दुनिया कहती है कि भारत बदल रहा है। भारत जब केवल 10 सालों में ही 40,000 किलोमीटर से ज्यादा रेल लाइन का विद्युतीकरण कर देता है तो दुनिया को भारत की शक्ति का अहसास होता है।
पीएम ने कहा, 'कहीं संकट आए तो भारत सबसे पहले पहुंचता है। 2015 में मैने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी। आज इस बात को पूरी दुनिया कह रही है। आज जब भारत बोलता है तो उसकी बात सुनी जाती है।'
भारत में आज स्टार्ट अप की संख्या लाखों में-पीएम
पीएम ने कहा कि भारत आज अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए काम करता है। भारत अपना चंद्रयान चंद्रमा के उस हिस्से पर उतारा जहां कोई देश अपना अंतरिक्षयान नहीं उतार पाया। आज भारत दुनिया को सबसे विश्वसनीय डिजिटल पेमेंट सिस्टम दे रहा है। आज भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट अप सिस्टम काम कर रहा है। 2014 में जब हमारी सरकार बनी तो देश में स्टार्टअप की संख्या केवल 100 थी लेकिन अब यह संख्या लाखों में पहुंच गई है।
'तीन करोड़ 'लखपति दीदी' बनाने जा रहे'
भारत आज पेटेंट फाइल कर रहा है और उसके रिसर्च बड़ी संख्या में प्रकाशित हो रहे हैं। पीएम ने कहा कि तीसरे कार्यकाल में उनकी सरकार गरीबों के लिए तीन करोड़ घर और तीन करोड़ 'लखपति दीदी' बनाने जा रही है। महिलाओं का सशक्तिकरण करने के लिए हमारी सरकार ग्रामीण इलाकों में स्वयं सहायता समूह बना रही है। हम चाहते हैं कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सलाना कमाई एक लाख रुपए से ज्यादा हो।
