Plane Crash: लंदन में टेकऑफ के तुरंत बाद एक प्लेन क्रैश कर गया है। प्लेन ने जैसे ही उड़ान भरी, उसके कुछ देर बाद ही उसमें आग लग गई और प्लेन आग के गोले में तब्दील हो गया। हताहतों को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। राहत और बचाव दल अपना काम कर रहे हैं।
एसेक्स पुलिस ने क्रैश की पुष्टि की
एसेक्स पुलिस ने कहा कि उन्हें स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे से ठीक पहले सूचना मिली थी और उन्होंने इसे एक "गंभीर घटना" बताया। उन्होंने आगे कहा, "हम घटनास्थल पर सभी आपातकालीन सेवाओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और यह काम कई घंटों तक जारी रहेगा।"
क्रैश के साथ ही हुआ विस्फोट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रविवार को लंदन साउथेंड हवाई अड्डे पर एक छोटा विमान भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसके बाद आग के गोले की तरह भयंकर विस्फोट देखने को मिला। घटना के बाद हवाई अड्डे और उसके आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान बीचक्राफ्ट बी200 सुपर किंग एयर हो सकता है, हालांकि अधिकारियों ने अब तक विमान के प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सोशल मीडिया पर मौजूद चश्मदीदों और पत्रकारों ने बताया कि विमान में विस्फोट के बाद धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
