Israel Attack Hamas : हमास के घातक हमले के बाद इस आतंकवादी संगठन के सरगना के खात्मे के लिए इजरायल द्वारा जमीनी आक्रमण किए जाने की आशंका के मद्देनजर गाजा पट्टी में 10 लाख से अधिक लोग अपने घरों को छोड़कर चले गए हैं। सहायता समूहों ने चेतावनी दी है कि इजरायल के जमीनी हमले से मानवीय संकट बढ़ सकता है।
गाजा सीमा पर तैनात इजरायल के सैनिक
अमेरिकी युद्धपोतों की मदद से इजरायली बल गाजा सीमा पर तैनात हो गए हैं और उन्होंने युद्धाभ्यास किया जिसे इजरायल ने बताया कि यह आतंकवादी समूह को मटियामेट करने के लिए एक बड़ा अभियान होगा। एक सप्ताह से लगातार किए जा रहे हवाई हमलों से गाजा पट्टी में कई इमारतें जमींदोज हो गयी हैं लेकिन इससे इजरायल पर आतंकवादियों के रॉकेट हमले नहीं रुके हैं।
4,000 से अधिक लोग मारे जा चुके
सात अक्टूबर को शुरू हुआ यह युद्ध दोनों पक्षों के लिए गाजा के पांच युद्धों में से सबसे भीषण है जिसमें दोनों ओर के 4,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 2,750 फलस्तीनियों की मौत हो गयी है तथा 9,700 घायल हैं। इजरायल के अनुसार, उसके 1,400 से अधिक नागरिकों की मौत हो गयी है तथा बच्चों समेत कम से कम 199 अन्य नागरिकों को हमास ने बंधक बनाया है तथा उन्हें गाजा ले गया है।
शिविरों में पानी की आपूर्ति बंद
अभी गाजा में संयुक्त राष्ट्र के शिविरों में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गयी है और क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल में काम कर रहे चिकित्सकों को मरीजों का इलाज करने में भारी समस्याएं आ रही हैं क्योंकि उन्हें आशंका है कि जेनरेटरों में ईंधन खत्म होने के बाद इन मरीजों की मौत हो जाएगी। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन आने वाले दिनों में इजरायल यात्रा पर विचार कर रहे हैं लेकिन अभी यात्रा की कोई पुष्टि नहीं की गयी है।
दूसरी बार इजरायल पहुंचे ब्लिंकेन
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इजरायल के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करने के लिए एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार इजरायल पहुंचे हैं। वहीं, रोमन कैथोलिक चर्च के यरुशलम में शीर्ष प्रतिनिधि कार्डिनल पिएरबटिस्टा पिज्जाबाला ने कहा कि वह हमास द्वारा बंधक बनाए गए बच्चों की रिहाई के बदले में उन्हें बंधक बनाने की पेशकश करते हैं।
गाजा की नाकेबंदी में ढील देने की मांग
साथ ही कहा कि वह चाहता है कि मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए गाजा की नाकेबंदी में ढील दी जाए। इस बीच, लेबनान में हमास के प्रतिनिधि अहमद अब्दुल-हादी ने सोमवार को कहा कि दक्षिण इजरायल में सात अक्टूबर को किए गए हमले का फैसला हमास नेतृत्व का था तथा ईरान या किसी अन्य बाहरी पक्ष ने इसका निर्देश नहीं दिया था लेकिन उसने कहा कि गाजा पर जमीनी आक्रमण की स्थिति में सहयोगी समूह हस्तक्षेप करेंगे।
