Operation Sindoor: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर से ही पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। लगातार भारत के खिलाफ कार्रवाई की गीदड़ भभकियां दे रहा है। उसने भारत पर कार्रवाई की बात कहते हुए अपने कई शहरों में ब्लैकआउट कर दिया। पाकिस्तान ने बुधवार-गुरुवार की रात से ही अपने लोगों को घरों में ही रहने के निर्देश दिये। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सेना की कार्रवाई की आशंका के चलते सियालकोट से लेकर रावलपिंडी तक पूरी रात के लिए बत्ती गुल (ब्लैकआउट) कर दिया गया। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है। पाकिस्तान को डर सता रहा है कि भारत कहीं फिर से ऑपरेशन सिंदूर के बाद कोई बड़ी कार्रवाई न कर दे। लिहाजा, उसने भारतीय बॉर्डर क्षेत्र से सटे गांवों को खाली कर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए कहा है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि भारतीय मिसाइल हमलों में हमारे 31 लोग मारे गए और 57 अन्य घायल हो गए। बहावलपुर में संगठन के मुख्यालय पर हुए हमले में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के 10 परिवार के सदस्य और चार करीबी सहयोगी मारे गए।
ऑपरेशन सिंदूर-2 के खौफ में पाकिस्तान
मीडिया खबरों के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना के एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। इस बीच ऑपरेशन सिंदूर-2 की आशंका के चलते पंजाब प्रांत के कई इलाकों को खाली करा दिया है। पाकिस्तानी सेना ने कसूर, बहावलनगर, सियालकोट, नरवाल में रह रहे लोगों को जगह खालू करने के लिए कहा है। भारतीय सेना की कार्रवाई के खौफ से रावलपिंडी में अगले आदेश तक ब्लैकआउट कर दिया है। आपको बता दें कि रावलपिंडी में पाक सेना का हेडक्वार्टर है।
पाकिस्तान ने क्या कबूला?
भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार की आधी रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। ऑपरेशन सिंदूर के तहत स्ट्राइक आधिकारिक तौर पर देर रात 1 बजे शुरू होकर 1:30 बजे तक चली थी। दरअसल, बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी पर आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। भारत ने जहां मिसाइल हमला किया, उनमें बहावलपुर भी शामिल है, जो जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का गढ़ है। भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर हमला किया, इसमें मसूद अजहर के परिवार के 10 लोगों की मौत पर मसूद की प्रतिक्रिया सामने आई है और उसका कहना है ' काश मैं भी मारा गया होता...' ऐसा मीडिया सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है।
किन मिसाइलों का भारत ने किया इस्तेमाल
ऑपरेशन सिंदूर' में भारत ने मल्टीपल वेक्टर प्लेटफॉर्म्स का उपयोग किया। यानी अलग-अलग दिशाओं और माध्यमों से बम और मिसाइलें दागी गईं। भारत ने पंजाब प्रांत और पाक अधिकृत कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। थलसेना ने 155एमएम- एक्स-क्लाइबर और एम777 होवित्जर से जीपीएस-निर्देशित गोलाबारी की। एम777 एक हल्का, तेजी से तैनात होने वाला हॉवित्जर है, जो दुर्गम इलाकों में भी ऑपरेशन को अंजाम दे सकता है।
