Pakistan Petrol Price: पाकिस्तान की शहबाज शरीफ की सरकार ने पेट्रोल की कीमतों में 35 रुपये का इजाफा कर दिया है। सरकार ने इसके पीछे जो तर्क दिया है वो काफी हास्यास्पद है। सरकार का कहना है कि ये कदम अफवाह को खत्म करने के लिए उठाया गया है।
अफवाहों का बाजार गर्म
पाकिस्तानी सरकार का दावा है कि पाकिस्तान में ये अफवाह तेजी से फैल चुका था कि सरकार तेल की कीमतों को 50 रुपये तक बढ़ा सकती है। जिसके बाद से तेल की किल्लत होने लगी, लोग इसकी जमाखोरी करने लगे। इस पर रोक लगाने और अफवाह को खत्म करने के लिए सरकार ने तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की है।
पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा कि दरों में वृद्धि तेल और गैस अधिकारियों की सिफारिशों के आधार पर की गई है। हो सकता है कि इसे वैश्विक बाजार से ऊर्जा खरीदने की उच्च लागत के कारण लागू किया गया हो।
अब कितने का पेट्रोल
पाकिस्तान में इस बढ़ोतरी के साथ ही पेट्रोल की कीमत 249.80 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं हाई-स्पीड डीजल अब 262.80 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। मिट्टी का तेल की बात करें तो इसकी कीमत 189.83 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं लाइट डीजल तेल की कीमत 187 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
अल्लाह से अपील
वित्त मंत्री इशाक डार ने इस वृद्धि की घोषणा से दो दिन पहले अल्लाह से पाकिस्तान को बचाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि 'अल्लाह पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और समृद्धि के लिए जिम्मेदार है'। डार ने कहा- "अगर अल्लाह पाकिस्तान बना सकता है, तो वह उसकी रक्षा, विकास और समृद्धि भी कर सकता है।"
