दुनिया

ख्वाजा आसिफ ने उगला जहर: अपनी ही काल्पनिक जीत के दावों में उलझा पाकिस्तान, कितने भारतीय विमान गिराए ये अभी तक तय नहीं

पाकिस्तान के नेतृत्व में अपने ही दावे को लेकर गहरी उलझन दिखाई दे रही है, क्योंकि भारतीय विमानों को मार गिराने की संख्या को लेकर विरोधाभासी बयान लगातार सामने आ रहे हैं। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में कहा कि पाकिस्तान ने छह भारतीय विमान गिराए...

Image

ख्वाजा आसिफ का झूठा दावा (AP)

Pakistan False Claim on Indian Aircraft: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा एम आसिफ ने एक बार फिर इस्लाम का सहारा लेते हुए भारत के खिलाफ जहर उगला है। आसिफ ने हालिया संघर्ष में पाकिस्तान की जीत का दावा तो किया लेकिन उनके बयान में गहरा विरोधाभास दिखा। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को भारत ने जबरदस्त चोट पहुंचाते हुए उसके देश में बने आतंकी ठिकानों को तो नष्ट किया ही, कई एयरबेस भी तबाह किए। लेकिन पाकिस्तान अपनी हार को भी जीत बताते हुए दुनिया भर में झूठा दावा कर रहा है। इस बार भी उसके रक्षा मंत्री आसिफ ने ऐसा ही दावा किया है।

अपने दावे को लेकर गहरी उलझन में पाकिस्तान

दरअसल, पाकिस्तान के नेतृत्व में अपने ही दावे को लेकर गहरी उलझन दिखाई दे रही है, क्योंकि भारतीय विमानों को मार गिराने की संख्या को लेकर विरोधाभासी बयान लगातार सामने आ रहे हैं। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में कहा कि पाकिस्तान ने छह भारतीय विमान गिराए, यह बयान उन्होंने भारतीय सेना प्रमुख और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के ताजा बयानों के जवाब में दिया। एक्स पर पोस्ट में ख्वाजा ने इस्लाम के नाम पर भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए कहा कि हमारा रक्षक अल्लाह है।

शहबाज शरीफ का हर बार नया राग

इससे पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने तीन अलग-अलग मौकों, इस्लामाबाद में पांच, लंदन में छह और न्यूयॉर्क में सात विमानों को गिराने की बात कही है, जो ये बताता है कि ये दावे किसी काल्पनिक कहानी से कम नहीं है। भारतीय विमानों को मार गिराने का पाकिस्तान के दावे पर दुनिया भले ही यकीन नहीं करे, लेकिन आतंकी देश बार-बार बेशर्मी से झूठ दोहरा रहा है। पाकिस्तान ने आज तक एक भी सबूत नहीं दिखाया कि उसने कहां विमान मार गिराए।

ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में तबाही

वहीं, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की एक-एक कार्रवाई का सबूत सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए दिखाया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने इसके गुनहगारों को सजा देने के लिए चलाए गए अपने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकवादी ढेर हुए थे। डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि आठ और 10 मई के दौरान भारतीय वायु सेना (IAF) ने अपने सटीक और प्रभावी हमलों से पाकिस्तान के 11 एयरबेस को भी भारी नुकसान पहुंचाया। डीजीएमओ ने बताया कि ऐसा पाकिस्तानी वायु सेना की क्षमता खत्म करने के लिए उसके इन एयरबेस पर ड्रोन और फाइटर प्लेन के जरिए हमले किए गए। हालांकि, पाकिस्तान लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि भारत ने उसके सैन्य प्रतिष्ठानों और एयरबेसों पर सटीक हमले किए लेकिन उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों ने उसके खोखले दावों की पोल खोलकर रख दी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!