दुनिया

Iran War: 520 रुपये लीटर डीजल, पेट्रोल 458 रुपये Ltr, युद्ध से पडोसी पाकिस्तान का दम फूला

अमेरिका और इजरायल का युद्ध ईरान से चल रहा है और इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। लेकिन लगता है इस युद्ध से सबसे ज्यादा पस्त हमारा पड़ोसी पाकिस्तान हुआ है। पाकिस्तान की जनता पर इस युद्ध की मार सबसे ज्यादा भयानक पड़ी है। पाकिस्तान में डीजल के दाम 520.38 रुपये तक पहुंच चुके हैं, जबकि पेट्रोल भी 458.41 रुपये हो गए हैं।

Image

पाकिस्तान में बेतहाशा बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

अमेरिका और इजरायल के ईरान के साथ युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। विशेष तौर पर ईंधन की सप्लाई काफी हद तक बाधित हुई है। लेकिन इस युद्ध का जैसा असर हमारे पड़ोसी पाकिस्तान पर दिख रहा है, वैसा कहीं और देखने को नहीं मिल रहा। वैश्विक तेल की कीमतों में उछाल के बीच पाकिस्तान में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। कल यानी गुरुवार 2 अप्रैल को पाकिस्तान सरकार ने ईंधन के दाम बढ़ाने की घोषणा की।

डीजल के दामों में 54.9 फीसद की बढ़ोतरी की गई है, जिससे इस ईंधन का दाम 520.35 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। इसी तरह पेट्रोल के दामों में 42.7 फीसद बढोतरी करके इसे भी 458.41 रुपये कर दिया गया है। नई दरें आज यानी शुक्रवार सुबह से लागू हो गई हैं।

ईधन कीमतों में कितनी बढ़ोतरी हुई इस टेबल में देखें

इंधन का नाम28 मार्च3 अप्रैलकितनी बढोतरी हुई
डीजल335.86520.35184.49
पेट्रोल321.17458.41137.24

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने गुरुवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के कारण उन्हें भी यह फैसला लेने को मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे कीमतों पर नियंत्रण संभव नहीं रहा।

दोपहिया वाहनों को 100 रुपये की सब्सिडी

वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए कुछ लक्षित कदम उठाए हैं। दोपहिया वाहन चालकों को तीन महीने तक प्रति लीटर 100 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। लेकिन यह सब्सिडी अधिकतम 20 लीटर प्रति माह तक ही सीमित होगी।

इसके अलावा कृषि क्षेत्र को समर्थन देने के लिए छोटे किसानों को प्रति एकड़ 1500 रुपये की एकमुश्त सहायता देने की घोषणा भी पाकिस्तान सरकार ने की है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र का योगदान लगभग 24 फीसद है और यह देश की खाद्य सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

पिछले महीने 20 फीसद बढ़े थे ईंधन के दाम

गौरतलब है कि पिछले महीने भी पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 20 फीसद की बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ती कीमतों से महंगाई और भी बढ़ने की आशंका है, जिससे पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रही पाकिस्तानी जनता की मुश्किलें काफी ज्यादा बढ़ सकती हैं।

हाईवे पर टोल में भी की गई बड़ी बढ़ोतरी

पाकिस्तान के हाईवे पर टोल भी बढ़ाए गए

पाकिस्तान के हाईवे पर टोल भी बढ़ाए गए

पाकिस्तान अपनी तेल जरूरतों के लिए मुख्य रूप से आयात पर निर्भर है, जो सऊदी अरब और यूएई से आता है और होर्मूज स्ट्रेट के रास्ते पहुंचता है। ऐसे में वैश्विक बाजार में किसी भी तरह की हलचल का सीधा असर पाकिस्तान की पहले से खस्ताहाल अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच, वैश्विक तेल बाजार में भी भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। अमेरिका में तेल की कीमतों में 11 फीसद से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई, जबकि ब्रेंट क्रूड में 7 फीसद का उछाल दर्ज किया गया। यह बढ़ोतरी तब हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सैन्य कार्रवाई तेज करने की बात कही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!