दुनिया

पाकिस्तान के सिंध में बस पर हमला, 18 यात्रियों का अपहरण; कई घायल

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में घोटकी के पास अज्ञात बंदूकधारियों ने क्वेटा जा रही एक बस पर हमला कर 18 पुरुष यात्रियों का अपहरण कर लिया।

Image

पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने 18 बस यात्रियों का अपहरण किया (फाइल फोटो- AP)

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस पर हमला कर 18 यात्रियों का अपहरण कर लिया। यह बस सिंध से बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा की ओर जा रही थी। यह गंभीर घटना सोमवार रात घोटकी इलाके के पास, सिंध–पंजाब सीमा के करीब हाईवे लिंक रोड पर हुई।

बस पर की अंधाधुंध फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हथियारबंद हमलावरों ने पहले बस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसके बाद उन्होंने बस को रुकवाया और पुरुष यात्रियों को नीचे उतारकर बंधक बना लिया। गोलीबारी में बस चालक और कुछ यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

18-20 हमलावर

जियो न्यूज से बातचीत में बस में सवार एक महिला यात्री ने बताया कि मौके पर 18 से 20 हमलावर मौजूद थे। सभी हमलावरों के चेहरे ढके हुए थे और वे भारी हथियारों से लैस थे। महिला यात्री के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 25 यात्रियों को बस से उतरने के लिए कहा, लेकिन महिलाओं को किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं पहुंचाई गई।

यात्रियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

सिंध के गृह मंत्री के प्रवक्ता जिया उल हसन लांझर ने बताया कि ड्राइवर और खलासी के अलावा बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं और अपहृत यात्रियों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी समूह ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह हमला एक बार फिर सिंध और बलूचिस्तान को जोड़ने वाले मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article