दुनिया

नेपाल में बाढ़ का तांडव: संकट में भारत बना मददगार, वायुसेना के C-17 और C-295 विमान राहत सामग्री लेकर टेकऑफ को तैयार

Nepal Flash Floods Relief: नेपाल के रसुवा इलाके में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ और जलप्रलय के बाद भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। भारतीय वायुसेना ने अपने C-17, C-130J और C-295 परिवहन विमानों के बेड़े को राहत और बचाव कार्यों के लिए अलर्ट पर रखा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात कर दुख जताया और हर संभव मानवीय सहायता का आश्वासन दिया।

Image

संकट में भारत बना नेपाल का मददगार

Photo : ANI

Nepal Flash Floods Relief: पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए भारत ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया है। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद उत्पन्न हुए संकट से निपटने के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) ने अपने परिवहन विमानों के पूरे बेड़े को स्टैंडबाय (अलर्ट) पर रख दिया है। सूत्रों के मुताबिक, राहत सामग्री लेकर वायुसेना का C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान (IAF C130J Relief Operations) नेपाल के लिए रवाना होने की पूरी तैयारी में है। इसके अलावा C-17 ग्लोबमास्टर और C-295 विमानों को भी आपात स्थिति के लिए अलर्ट रखा गया है।

इस मानवीय त्रासदी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Nepal Assistance) ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (PM Balendra Shah Flood Crisis) से फोन पर बात कर जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने नेपाली पीएम को भरोसा दिलाया कि भारत इस मुश्किल घड़ी में अपने पड़ोसी देश के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों देशों की बचाव और राहत टीमें एक-दूसरे के साथ लगातार तालमेल बनाकर काम कर रही हैं।

लापता होने वालों में 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल

नेपाल टूरिज्म बोर्ड द्वारा जारी शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद से रसुवा क्षेत्र से लगभग 384 यात्री लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। लापता विदेशियों में करीब 105 भारतीय नागरिकों के होने की भी आशंका जताई गई है, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फंसे हुए भारतीयों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए नेपाली अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।

भारतीय दूतावास ने जारी किया आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर

भारतीय दूतावास ने प्रभावित भारतीयों और उनके परिजनों की सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (+977 985 131 6807 और +977 970 910 7500) भी जारी किए हैं। नेपाल सरकार ने त्रिशूली और भोटेकोशी नदी के निचले व तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और चितवन जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि आपदा के इस समय में नेपाल को हर तरह की राशन, दवा और रेस्क्यू मदद बिना किसी देरी के पहुंचाई जाएगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article