दुनिया

PAK के पूर्व PM को राहतः घर के बाहर से रेंजर्स हटे और ऐक्शन भी टला, गैस मास्क पहन बाहर आए खान; देखें VIDEO

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 15, 2023, 08:09 PM IST

Imran Khan Gas Mask Video: वैसे, इससे पहले सुरक्षा बलों ने खान के उन सैकड़ों समर्थकों पर टियर गैस और वॉटर कैनन्स का इस्तेमाल किया था, जो पूर्व पीएम के घर के आसपास एकजुट हुए थे। दरअसल, खान के सपोर्टर्स किसी भी सूरत में उनकी गिरफ्तारी नहीं होने देना चाहते थे, इसलिए वे वहां पर इकट्ठा हो गए थे।

Imran Khan Gas Mask Video: भ्रष्टाचार के मामले में पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान के घर के बाहर से जैसे ही सुरक्षा बल (रेंजर्स) हटाया गया, वह इसके बाद ट्रांसपेरेंट (पारदर्शी) गैस मास्क में बाहर निकलकर आए। माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर सामने आए नौ सेकेंड के वीडियो में पाक के पूर्व वजीर-ए-आजम (पीएम) समर्थकों से बातचीत करते दिखे, जिन्होंने उन्हें घेर रखा था।

समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से 'जियो न्यूज' की ओर से जानकारी दी गई कि पुलिस और अन्य सुरक्षा अधिकारियों को जमान पार्क से जाते देखा गया, जिसके बाद खान के समर्थकों ने जश्न मनाया और रेंजर्स का पीछा करते हुए नारे लगाए। पीटीआई अध्यक्ष खान गैस मास्क लगाए अपने आवास से बाहर निकले और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने लगे।

वैसे, दिन में प्रशासन ने खान के घर के बाहर रेंजर्स तैनात किए थे, जिससे एक दिन पहले खान के सपोटर्स और पुलिस के बीच झड़प में 60 से अधिक लोग घायल हो गए थे और उनमें 54 पुलिसकर्मी थे। घायलों को लाहौर के अस्पताल में भर्ती किया गया और पुलिस ने खान के कई समर्थकों को हिरासत में लिया, जबकि सुरक्षा बलों ने इससे पहले खान के सैकड़ों समर्थकों पर टियर गैस और वॉटर कैनन्स का इस्तेमाल किया था, जो पूर्व पीएम के घर के आसपास एकजुट हुए थे।

खान के सपोर्टर्स किसी भी सूरत में उनकी गिरफ्तारी नहीं होने देना चाहते थे, इसलिए वे वहां पर इकट्ठा हो गए थे। यह घटनाक्रम तब देखने को मिला जब पाकिस्तान के एक कोर्ट ने बुधवार (15 मार्च, 2023) को खान को अस्थाई राहत दे दी और उनके घर के बाहर पुलिस को गुरुवार तक ऐक्शन रोकने का आदेश दिया।

दरअसल, पूर्व पीएम की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने इससे पहले मंगलवार को लाहौर हाईकोर्ट में पुलिसिया ऐक्शन को चुनौती दी थी और कोर्ट से सरकार को इसे खत्म करने का निर्देश देने की अपील की थी। 70 बरस के खान पर पीएम रहने के दौरान मिले गिफ्ट्स को तोशाखाना से कम दाम पर खरीदने और मुनाफे के लिए बेचने के आरोप हैं। इसी केस में गैर-जमानती वॉरंट जारी होने के बाद इस्लामाबाद पुलिस बख्तरबंद वाहनों के साथ पीटीआई चीफ को लाहौर में उनके घर से गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article