Operation Sindoor: पाकिस्तान अपनी नापाक बयानबाजियों और गीदड़भभकियों से बाज नहीं आ रहा है। इस बार पाक के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जहर उगला है। उन्होंने कहा कि अगली बार हमारा जवाब और भी ज्यादा निर्णायक होगा। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने को हैं और ऐसे में एक बार फिर बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो गया।
ख्वाजा आसिफ ने दी गीदड़भभकी
ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी कि किसी भी हमले के जवाब में उनका देश 'त्वरित और निर्णायक' कार्रवाई करेगा। आसिफ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान की पृष्ठभूमि में 'एक्स' पर यह टिप्पणी की। दरअसल, राजनाथ सिंह ने कहा था कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह की 'दुस्साहसिक हरकत' का जवाब 'अभूतपूर्व और निर्णायक' कार्रवाई से दिया जाएगा।
22 मिनट में PAK ने टेके थे घुटने
चुनावी राज्य केरल में सैनिक सम्मान सम्मेलन में राजनाथ सिंह ने कहा था कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों और बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया था। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद, भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान को 22 मिनट के भीतर घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और यह आतंकवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान था।
ख्वाजा आसिफ ने कहा कि बार-बार दोहराई जाने वाली बयानबाज़ी ताकत नहीं, बल्कि पहलगाम हमले की बरसी नजदीक आने के साथ स्पष्ट रणनीतिक बेचैनी को दर्शाती है। आसिफ ने कहा, ''इस तरह की धमकियां देना कोई नई बात नहीं है। यह एक अनुमानित पैटर्न का हिस्सा है-आंतरिक कमजोरी को बाहरी रूप देना, और निहित राजनीतिक हितों के लिए निराधार आरोपों की आड़ में तनाव बढ़ाने का प्रयास करना।'
मई में हुए चार दिन के सैन्य टकराव को याद करते हुए पाकिस्तान के मंत्री ने कहा कि इतिहास इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि गलत आकलन के गंभीर परिणाम होते हैं।
घातक जवाब देने की दी धमकी
उन्होंने कहा, ''अगली बार हमारा जवाब और भी अधिक सशक्त और निर्णायक होगा। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए: पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन संप्रभुता की रक्षा करने का उसका संकल्प पूर्ण है, उसकी तैयारी संपूर्ण है, और उसकी प्रतिक्रिया त्वरित और निर्णायक होगी।''
