दुनिया

क्रिप्टोकरेंसी के लिए विदेशी महिलाओं का अपहरण और गैंगरेप? पाकिस्तान में इशाक डार के पोते की घिनौनी हरकत! जानें क्या है पूरा मामला

पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं के कथित अपहरण और गैंगरेप मामले में क्रिप्टोकरेंसी विवाद का एंगल सामने आया है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि क्या करोड़ों डॉलर के क्रिप्टो एसेट्स को लेकर यह वारदात हुई। मामले में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार के रिश्तेदार रज़ा डार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

Image

दो विदेशी महिलाओं के कथित अपहरण और गैंगरेप मामले में इशाक डार का पोता गिरफ्तार। AI IMAGE

पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं के कथित अपहरण और गैंगरेप मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस पूरी वारदात के पीछे करोड़ों डॉलर के क्रिप्टोकरेंसी विवाद का हाथ था। बता दें कि इस मामले में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के रिश्तेदार रजा डार (कुछ रिपोर्टों में उन्हें उनका पोता बताया गया है) भी आरोपियों में शामिल हैं।

पीड़िताओं में से एक एस्ट्रिड गैब्रिएला रॉबिन्सन ब्राचो ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए बयान में आरोप लगाया कि लाहौर पहुंचने के कुछ ही समय बाद हथियारबंद लोग उनके ठिकाने पर घुस आए। उन्होंने दोनों महिलाओं को बंधक बना लिया और एक कंप्यूटर में मौजूद क्रिप्टोकरेंसी एसेट्स तक पहुंच की मांग की। पीड़िता का आरोप है कि रजा डार लगातार पैसे और पासवर्ड मांगता रहा तथा धमकी दी गई कि यदि रकम नहीं दी गई तो दोनों को मार दिया जाएगा।

पीड़िता की मां ने की पैसे की व्यवस्था

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे एक कमरे में ले जाकर दो लोगों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया, जबकि एक अन्य आरोपी हथियार लेकर पहरा देता रहा। उसके मुताबिक, आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर परिचितों से पैसे मंगाने की कोशिश की। बाद में दूसरी पीड़िता की मां ने कथित तौर पर एक लाख अमेरिकी डॉलर की व्यवस्था की, जिसके बाद दोनों महिलाओं को उनके पासपोर्ट लौटाकर एयरपोर्ट की ओर भेज दिया गया। रास्ते में पीड़िता ने कथित तौर पर एक आरोपी को फोन पर यह कहते सुना कि "बॉस के निर्देश अलग हैं।"

लाहौर की एक अदालत ने रजा डार, हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में इस्तेमाल किए गए हथियारों और कथित तौर पर वसूली गई रकम की बरामदगी अभी बाकी है। अदालत ने पुलिस को जांच पूरी कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है और आरोपियों को 8 जुलाई को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article