दुनिया

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा धमाका, दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत 8 लोगों की मौत

Khyber Pakhtunkhwa Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मारवात जिले में हुए एक बड़े विस्फोट में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

Image

लक्की मारवात में धमाके से दहला इलाका

Photo : PTI

Khyber Pakhtunkhwa Blast: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक बड़ा आत्मघाती धमाका हुआ। इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक महिला भी शामिल हैं। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। यह घटना लक्की मारवात जिले (Lakki Marwat Blast) के नौरंग बाजार स्थित फाटक चौक में हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर ने विस्फोटकों से भरे एक ऑटो रिक्शा को भीड़भाड़ वाले इलाके में उड़ा दिया।

धमाके के बाद अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित

धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। कई दुकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। पीटीआई के मुताबिक घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। रेस्क्यू 1122 की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को सराय नौरंग के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के अस्पतालों में रेफर किया गया है। धमाके के बाद अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर बुलाया गया ताकि घायलों का जल्दी इलाज किया जा सके।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने घटना पर जताया दुख

पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पीटीआई के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक से घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के इस इलाके में आतंकी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे हमलों ने लोगों में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद पर काबू पाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद हिंसक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!