दुनिया

ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर हमला, एक भारतीय की मौत, 19 नाविक सुरक्षित

ओमान के पूर्वी तट के पास कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर हमला हुआ है। इसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। इस बाबत विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

Image

ओमान तट पर कमर्शियल जहाज पर हमला। (फोटो- ANI)

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान के पूर्वी तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ है। जिस जहाज पर हमला हुआ उसका नाम MV Cape Dao है। इस जहाज पर हमले के समय 20 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 19 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

ओमान में भारतीय दूतावास की नजर

विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। दूतावास ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि वह MV Cape Dao पर हुए हमले की निगरानी कर रहा है। मिशन ने नाविकों की सुरक्षा को लेकर ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय की जानकारी दी।

दूतावास ने एक भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि मृतक के परिवार से संपर्क किया जा रहा है। मिशन ने संबंधित पक्षों के साथ मिलकर शव और नाविकों से जुड़े आगे के इंतजामों के लिए समन्वय शुरू किया है।

भारत ने की तनाव कम करने की अपील

विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर हो रहे लगातार हमलों को लेकर चिंता जताई। भारत ने एक बार फिर संवाद और कूटनीति के जरिए तनाव कम करने की अपील की है,ताकि क्षेत्र में जल्द शांति लौट सके। विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों,नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में बिना किसी बाधा के नौवहन और व्यापार बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया गया।

बता दें कि भारत पहले भी अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन तथा अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिए व्यापार के निर्बाध प्रवाह की वकालत करता रहा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article