दुनिया

उत्तर कोरिया का UN महासभा में बड़ा दांव! तानाशाह किम जोंग-उन के संदेश के साथ पहुंचेंगे उप विदेश मंत्री?

उत्तर कोरिया इस महीने न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा में उप विदेश मंत्री स्तर के अधिकारी को भेज सकता है। राजनयिक सूत्रों के मुताबिक, किम सोन-ग्योंग 28 सितंबर को महासभा के उच्च स्तरीय सत्र में उत्तर कोरिया का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। इस संभावित दौरे को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किम जोंग-उन से मुलाकात की इच्छा जताई है।

Image

UN महासभा में इस महीने उत्तर कोरिया भेजेगा उप विदेश मंत्री। AI IMAGE

उत्तर कोरिया, इस महीने न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UN General Assembly) में उप विदेश मंत्री स्तर के अधिकारी को भेज सकता है। राजनयिक सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के मामलों की जिम्मेदारी संभालने वाले उत्तर कोरियाई उप विदेश मंत्री किम सोन-ग्योंग महासभा में देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं और भाषण दे सकते हैं।

संयुक्त राष्ट्र सचिवालय की ओर से जारी वक्ताओं की लिस्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया का उप मंत्री स्तर का अधिकारी 28 सितंबर को महासभा के उच्च स्तरीय सत्र के अंतिम दिन संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भाषण देगा। इस साल महासभा की सामान्य बहस 22 से 26 सितंबर और 28 सितंबर को आयोजित होगी।

पिछले साल भी महासभा में पहुंचे थे किम

उत्तर कोरिया में कई उप विदेश मंत्री हैं, लेकिन राजनयिक सूत्रों का मानना है कि किम सोन-ग्योंग के ही इस बार भी महासभा में पहुंचने की संभावना सबसे ज्यादा है। उन्होंने पिछले साल भी उत्तर कोरियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। यह करीब सात साल बाद पहला मौका था, जब प्योंगयांग ने महासभा में उच्च स्तर के अधिकारी को भेजा था।

2019 से 2024 के बीच उत्तर कोरिया ने महासभा में किसी वरिष्ठ अधिकारी को नहीं भेजा था। यह सिलसिला 2019 के हनोई शिखर सम्मेलन की विफलता के बाद शुरू हुआ था, जिसमें तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के बीच वार्ता हुई थी। इस दौरान उत्तर कोरिया की ओर से संयुक्त राष्ट्र में उसके राजदूत किम सोंग ने महासभा को संबोधित किया था।

ट्रंप-किम मुलाकात पर भी रहेगी नजर

इस साल उत्तर कोरिया के महासभा में संभावित उच्च स्तरीय प्रतिनिधित्व को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल किम जोंग-उन से मुलाकात की इच्छा जताई है। ऐसे में किम सोन-ग्योंग के संभावित भाषण के दौरान प्योंगयांग अमेरिका और परमाणु मुद्दे समेत अंतरराष्ट्रीय मामलों पर क्या संदेश देता है, इस पर खास नजर रहेगी। संयुक्त राष्ट्र महासभा संयुक्त राष्ट्र के छह प्रमुख अंगों में से एक है और यह संगठन का मुख्य विचार-विमर्श, नीति-निर्माण और प्रतिनिधित्व करने वाला निकाय है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें