North Korea Missile Test: एक ओर दुनिया जहां ईरान-अमेरिका, इजराइल और रूस-यूक्रेन जंग को झेल रही है, वहीं नॉर्थ कोरिया (North Korea) एक अलग ही तैयारी में लगा दिख रहा है। एक के बाद एक उसने सिर्फ अप्रैल महीने में ही चौथी बार मिसाइल लॉन्च कर दी है। न्यूज रिपोर्ट्स के अनुसार रविवार को नॉर्थ कोरिया ने एक बार फिर से बैलिस्टिक मिसाइलों को टेस्ट किया है। इस साल यह सातवां टेस्ट है।
एक साथ दागी कई मिसाइलें
नॉर्थ कोरिया ने रविवार को अपने पूर्वी तट की ओर समुद्र में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस घटना की पुष्टि साउथ कोरिया (South Korea) और जापान (Japan) ने की है। माना जा रहा है कि यह परीक्षण प्योंगयांग द्वारा अपनी सैन्य क्षमता और परमाणु कार्यक्रम को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया एक और कदम है।
साउथ कोरिया ने बुलाई सुरक्षा बैठक
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल उत्तर कोरिया द्वारा यह सातवां बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण है, जबकि अप्रैल महीने में ही यह चौथा परीक्षण माना जा रहा है। लगातार हो रहे इन परीक्षणों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने इस घटना के तुरंत बाद एक आपात सुरक्षा बैठक बुलाई, जिसमें संभावित खतरों और जवाबी रणनीति पर चर्चा की गई।
उत्तर कोरिया ने कब दागी मिसाइल
दक्षिण कोरिया की सेना के बयान के मुताबिक, मिसाइलों को सुबह करीब 6:10 बजे उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर स्थित शहर Sinpo के पास से दागा गया। वहीं, जापान सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि ये मिसाइलें कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी समुद्री क्षेत्र के पास गिरीं, हालांकि जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में किसी तरह की घुसपैठ की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रतिबंध के बाद भी नॉर्थ कोरिया करते रहा है मिसाइल टेस्ट
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पहले ही उत्तर कोरिया के मिसाइल कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगा चुकी है और ऐसे परीक्षणों को अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन माना जाता है। हालांकि प्योंगयांग इन प्रतिबंधों को खारिज करते हुए इसे अपनी संप्रभुता और आत्मरक्षा का अधिकार बताता रहा है।
