दुनिया

दक्षिण कोरिया की मिलिट्री ड्रिल से भड़का उत्तर कोरिया? दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, US बोला- तत्काल खतरा नहीं

North Korea Missile Launch: उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि उसने उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय इलाके वॉनसान से कई मिसाइलों के प्रक्षेपण का पता लगाया है।

Image

उत्तर कोरिया ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें

Photo : AP

North Korea Missile Launch: उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उत्तर कोरिया ने ऐसे समय पर मिसाइलें दागीं हैं जब एक दिन पहले ही अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान की संयुक्त मिलिट्री ड्रिल समाप्त हुई, जिसे उत्तर कोरिया अपनी सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा मानता है। हालांकि, अमेरिका इसे तत्काल खतरे के तौर पर नहीं देखता है।

दक्षिण कोरिया ने बढ़ाई निगरानी

दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि उसने उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय इलाके वॉनसान से कई मिसाइलों के प्रक्षेपण का पता लगाया है। बकौल सेना, निगरानी तंत्र को और पुख्ता कर दिया गया है तथा मिसाइल प्रक्षेपण को लेकर अमेरिका और जापान के साथ लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।

'तत्काल कोई खतरा नहीं'

अमेरिकी पैसिफिक कमांड (US Pacific Command) ने बताया कि उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपण से अमेरिकी इलाके या उसके सहयोगियों को तत्काल कोई खतरा नहीं है। कमांड ने क्षेत्र में अमेरिका की मातृभूमि और उसके सहयोगियों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

फ्रीडम एज मिलिट्री ड्रिल

दक्षिण कोरियाई सेना के मुताबिक, पांच दिवसीय फ्रीडम एज सैन्य अभ्यास रक्षात्मक प्रकृति का है। इसका मकसद उत्तर कोरिया के परमाणु खतरों से निपटने के लिए अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान की संयुक्त प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।

सनद रहे कि अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया की संयुक्त मिलिट्री ड्रिल सोमवार को शुरू हुई थी जिसे रक्षात्मक प्रकृति का बताया गया था और इसके कुछ समय बाद ही उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्री किम सोंग ली ने मिलिट्री ड्रिल की तीखी आलोचना की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि उत्तर कोरिया अपनी शक्ति के आधार पर कड़े और निर्णायक जवाबी कदम उठाने में सक्षम है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article