दुनिया

न बिजली, न खाना, न तेल.. इजराइल ने गाजा को पूरी तरह से घेरा, उधर हमास और हिजबुल्लाह ने भी बोला हमला

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 9, 2023, 10:38 PM IST

हमास के आतंकवादियों ने भी इजराइल पर रॉकेट दागना जारी रखा है, जिससे यरूशलम से लेकर तेल अवीव तक हवाई हमलों के प्रति अलर्ट करने वाले सायरन बज रहे हैं।

Image

इजराइल ने गाजा की पूर्ण घेराबंदी की

Photo : AP

सालों बाद इजराइल और हमास के बीच जबरदस्त लड़ाई छिड़ी हुई है। इजराइल जहां गाजा को पूरी तरह से घेरकर बमबारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर हमास और लेबनान साइड से हिजबुल्लाह भी इजराइल पर हमला बोल रखा है। मतलब तबाही दोनों ओर से मची है। सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं और इजराइल पिछले कई सालों में सबसे भीषण हमला झेल रहा है।

पूर्ण घेराबंदी का ऐलान

इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सोमवार को गाजा पट्टी की पूर्ण घेराबंदी का आदेश देते हुए कहा कि अधिकारी बिजली आपूर्ति ठप कर दें और वहां भोजन व ईंधन नहीं पहुंचने दें। इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा- "मैंने एक आदेश दिया है कि गाजा की पूर्ण घेराबंदी की जाए। वहां बिजली आपूर्ति ठप की जाए और भोजन या ईंधन नहीं पहुंचने दिया जाए। हम बर्बर आतंकियों से लड़ रहे हैं और उचित जवाबी कार्रवाई करेंगे।"

इजराइल पर निर्भर गाजा

दरअसल गाजा अपनी बुनियादी जरूरतों की आपूर्ति के लिए काफी हद तक इजराइल पर निर्भर है। इस तरह के फैसले से घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में रहने वाले 23 लाख लोगों के लिए दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।

हमास का पलटवार

वहीं, हमास के आतंकवादियों ने भी इजराइल पर रॉकेट दागना जारी रखा है, जिससे यरूशलम से लेकर तेल अवीव तक हवाई हमलों के प्रति अलर्ट करने वाले सायरन बज रहे हैं। इजराइल और हमास के बीच ताजा संघर्ष में दोनों पक्षों के मृतकों की संख्या 1,200 के पार चली गई है और हजारों लोग घायल हुए हैं। इजराइल में लगभग 700 लोगों के, जबकि गाजा पट्टी में करीब 500 फलस्तीनियों के मारे जाने की खबर है। हमास के प्रवक्ता अब्देल-लतीफ अल-कानौआ ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को फोन पर बताया कि समूह के लड़ाकों ने गाजा के बाहर लड़ाई जारी रखी है और सोमवार सुबह कुछ और इजराइलियों को बंधक बना लिया है।

हिजबुल्लाह का भी हमला

इजराइल एक साथ दो मोर्चोें पर लड़ रहा है। एक तरफ से हमास हमला बोले हुए है तो दूसरी ओर लेबनान साइड से हिजबुल्लाह भी हमला बोल रखा है। इधर भी इजराइली सेना हेलीकॉप्टर से हिजबुल्लाह के आतंकियों पर हमला बोल रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article