Nimisha Priya Case: भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की 13 वर्षीय बेटी मिशेल, यमन में है और अपनी माँ की रिहाई की अपील कर रही है। मिशेल ने भारतीय ईसाई प्रचारक के.ए. पॉल के साथ मिलकर एक वीडियो संदेश में यमन के हूती प्रशासन से अपनी माँ की रिहाई की अपील की है। पीटीआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में मिशेल को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'आई लव यू मम्मा...' वीडियो में निमिषा के पति, टॉमी थॉमस ने हूती प्रशासन को इसे रोकने के लिए धन्यवाद दिया।
पॉल ने राजधानी सना और यमन के बड़े हिस्से पर शासन करने वाले समूह के नेता अब्दुल-मलिक अल-हौथी को सितंबर में न्यूयॉर्क में होने वाले वैश्विक शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा, 'प्रेम घृणा से अधिक शक्तिशाली है।'
पलक्कड़ ज़िले के कोल्लेंगोडे की रहने वाली निमिषा प्रिया को 2020 में एक यमनी व्यक्ति की हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था, जो उसका बिज़नेस पार्टनर था। प्रिया फिलहाल सना सेंट्रल जेल में बंद है।
यह घटना जुलाई 2017 में हुई थी। पिछले साल नवंबर में यमन की सर्वोच्च न्यायिक परिषद ने उसकी अपील खारिज कर दी थी और देश के सरकारी वकील ने अब आदेश दिया था कि उसकी सज़ा 16 जुलाई को तामील की जाएहालांकि, भारत और यमनी अधिकारियों के बीच लगातार कूटनीतिक प्रयासों के बाद फांसी टाल दी गई।
खबरों के मुताबिक, भारत के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबू बक्र अहमद कंथापुरम ने मध्यस्थता के लिए प्रभावशाली यमनी शेखों से संपर्क किया था। उन्होंने कहा, 'यमन में एक हत्या हुई। हत्या के बाद अदालत में मुकदमा दायर किया गया और अदालत ने निमिशा प्रिया को फांसी देने का आदेश दिया। इस्लाम में हत्या के बदले दीया (मुआवजा) Diya (compensation) देने का भी रिवाज है। मैंने उनसे दीया स्वीकार करने का अनुरोध किया क्योंकि यहां पार्टी इसके लिए तैयार है।'
