नए साल के जश्न में डूबी दुनिया, न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया में भव्य आतिशबाजी तो जापान में घंटियां बजाकर हुआ 2026 का स्वागत
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 31, 2025, 11:45 PM IST
Happy New Year 2026:दुनिया के कई देशों में 2026 की शुरुआत हो चुकी है। जापान,उत्तर और दक्षिण कोरिया,ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने अलग-अलग परंपराओं और भव्य आयोजनों के साथ नए साल का स्वागत किया
नए साल का जश्न।
दुनिया के कई देशों में 2026 की शुरुआत हो चुकी है। जापान, उत्तर और दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने अलग-अलग परंपराओं और भव्य आयोजनों के साथ नए साल का स्वागत किया।जहां न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भव्य आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा, तो वहीं, जापान में आधी रात को मंदिरों की घंटियों की गूंज सुनाई दी। अलग-अलग देशों में नए साल का आगाज़ कहीं रोशनी और संगीत से किया गया। इस मौके पर लौग जमकर मजे कर रहे हैं और एक दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में आतिशबाजी के साथ नये साल 2026 का स्वागत
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में लोगों ने न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची इमारत,स्काई टावर से आतिशबाजी कर 2026 का स्वागत किया। दक्षिण प्रशांत देशों ने सबसे पहले 2025 को विदाई दी। सत्रह लाख की आबादी वाले ऑकलैंड में जब रात के 12 बजे तो लोगों ने जबरदस्त आतिशबाजी के साथ नये साल का स्वागत किया। पांच मिनट के इस प्रदर्शन में 240 मीटर ऊंचे स्काई टावर की विभिन्न मंजिलों से जबरदस्त आतिशबाजी की गई। बारिश के अनुमान के कारण बुधवार को न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में कुछ कार्यक्रम रद्द कर दिये गये।ऑस्ट्रेलिया में बेहद भव्य अंदाज़ में 2026 का स्वागत
ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर न्यूजीलैंड के दो घंटे बाद 2026 का स्वागत किया गया। ऑस्ट्रेलिया में नए साल 2026 का स्वागत बेहद भव्य अंदाज़ में किया गया। सिडनी में हार्बर ब्रिज और प्रतिष्ठित ओपेरा हाउस के आसपास आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। इस नज़ारे को देखने के लिए लाखों लोग सड़कों, तटों और सार्वजनिक स्थलों पर जुटे और उल्लास के साथ नए साल की पहली घड़ी का जश्न मनाया। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे।
उत्तर और दक्षिण कोरिया में ऐसे हुआ नए साल का आगाज
नए साल 2026 का स्वागत दक्षिण और उत्तर कोरिया में परंपरागत और आध्यात्मिक तरीकों से किया गया। आधी रात होते ही ऐतिहासिक घंटाघरों में गूंजी विशाल घंटियों की आवाज़ के साथ नववर्ष की शुरुआत हुई। कोरियाई देशों में नए साल का उत्सव आतिशबाजी से अधिक सांस्कृतिक अनुशासन और सामूहिक प्रार्थनाओं से जुड़ा होता है। लोग परिवार और समुदाय के साथ एकत्र होकर बीते वर्ष को विदाई देते हैं और सुख, शांति व समृद्धि की कामना करते हैं। घंटियों की ध्वनि को नकारात्मक ऊर्जा के अंत और नए आरंभ के प्रतीक के रूप में देखा जाता है, जो कोरियाई समाज की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है।
जापान: 108 घंटियों के साथ आत्मशुद्धि
वहीं, जापान में ओमिसोका की रात बौद्ध मंदिरों में 108 बार घंटियां बजाई गईं। यहां 31 दिसंबर की रात को ओमिसोका कहा जाता है। यह रात साल की सबसे पवित्र रात मानी जाती है। इस अवसर पर बौद्ध मंदिरों में जोया नो काने की परंपरा निभाई जाती है,जिसके तहत विशाल घंटियां 108 बार बजाई जाती हैं। लोग प्रार्थना, आत्मचिंतन और शांति के साथ नए साल में प्रवेश करते हैं।
चीन और रूस के राष्ट्रपतियों ने एक दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं
वहीं, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर शी जिनपिंग ने कहा कि 2025 संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की 80वीं वर्षगांठ है। 2025 वह वर्ष भी है जिसमें नए युग के लिए चीन-रूस व्यापक रणनीतिक समन्वय साझेदारी ने ठोस कदम आगे बढ़ाया। हम पेइचिंग और मॉस्को में दो बार मिले और साझा चिंताओं के प्रमुख मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया। चीन और रूस के बीच वीजा-मुक्त नीति लागू हो चुकी है, ऊर्जा गलियारों का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है और उभरते क्षेत्रों में सहयोग फल-फूल रहा है। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र जैसे बहुपक्षीय ढांचों के भीतर एक-दूसरे का समर्थन करते हैं, और वैश्विक शासन में सुधार और उसे बेहतर बनाने के लिए ज्ञान और शक्ति का योगदान देते हैं।राष्ट्रपति पुतिन ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग को शुभकामनाएं दीं और चीनी जनता के सुख, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पुतिन ने कहा कि वर्ष 2025 में नए युग के लिए रूस और चीन के बीच व्यापक रणनीतिक समन्वय साझेदारी ने विकास की अच्छी गति बनाए रखी है और फलदायी परिणाम प्राप्त किए हैं। रूस और चीन आर्थिक और व्यापारिक सहयोग का सक्रिय रूप से विस्तार कर रहे हैं, और प्रमुख सहयोग परियोजनाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं। मैं द्विपक्षीय संबंधों और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ घनिष्ठ संपर्क बनाए रखने के लिए इच्छुक हूं।