US Firing: अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला न्यूजर्सी से सामने आया, जहां पर गोली लगने से एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य के घायल होने की सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, न्यूजर्सी के नेवार्क में दर्जनभर से ज्यादा राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई और अधिकारियों को ट्राफिक के बीच भागते हुए देखा गया।
पुलिस अधिकारियों पर हुई फायरिंग
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी 'एपी' के मुताबिक, ब्रॉडवे और कार्टरेट इलाके में स्थानीय समयानुसार लगभग 6:37 बजे दो नेवार्क पुलिस अधिकारियों को गोली मारी गई। प्रॉसिक्यूटर ऑफिस ने बताया कि अधिकारियों को नेवार्क के यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। गोलीबारी की जांच जारी है। हालांकि, संदिग्धों या फिर गिरफ्तारी से जुड़ी कोई अन्य जानकारी साझा नहीं की गई।
पुलिस यूनियन के मुताबिक, एक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि न्यूजर्सी स्टेट पुलिसमेंस बेनेवोलेंट एसोसिएशन ने बताया कि दूसरा पुलिस कर्मी हॉस्पिटल में जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। न्यूजर्सी के गवर्नर फिल मर्फी के कार्यालय ने बताया कि गर्वनर ने शुक्रवार रात हॉस्पिटल का दौरा किया और उन्होंने कहा कि अधिकारियों और उनके परिजनों के लिए ये मुश्किलभरी रात है।
