Canada Firing: कनाडा में पूर्वी टोरंटो के एक पब में गोलीबारी में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि स्कारबोरो टाउन सेंटर मॉल के निकट शुक्रवार रात हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध अब भी फरार है। लोगों को गोलीबारी वाले इलाके से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई।
3 लोगों पर अटकी शक की सुई
पुलिस ने शनिवार की सुबह 'एक्स' पर गोलीबारी का अपडेट देते हुए कहा कि इस घटना में तीन लोगों पर संदेह है तथा आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
टोरंटो की मेयर ओलिविया चाऊ ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रमुख मायरोन डेमकिव से बात की है और उन्हें बताया गया है कि सभी जरूरी संसाधनों को तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ''मामले की जांच चल रही है। पुलिस अपडेट देगी। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है।''
