Nepal Flood News: नेपाल में 26 अगस्त को आए बाढ़ के बाद जैसे-जैसे समय बीतता जा रहे हैं, मृतकों और लापता लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। मध्य और उत्तरी नेपाल के रसुवा और नुवाकोट जिलों से करीब 600 स्कूली बच्चे अब भी लापता हैं, जबकि इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,282 तक पहुंच गई है।
4,700 से ज्यादा लोग लापता
26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ-चट्टान का हिमस्खलन होने से नदियों में अचानक भीषण बाढ़ आ गई थी, जिसने दर्जनों गांवों और कस्बों को तबाह कर दिया। नेपाल पुलिस के अनुसार, अब तक चितवन से 359, नवलपरासी पूर्व से 218, नवलपरासी पश्चिम से 208, नुवाकोट से 185, रसुवा से 140, गोरखा से 72, धादिंग से 60 और तनहुं से 38 शव बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों का संयुक्त कमान वर्तमान में विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों से लापता 4,798 लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
भारी संख्या में स्कूल छात्र और शिक्षक लापता
स्थानीय शिक्षा विकास और समन्वय इकाइयों और स्कूलों से मिले आंकड़ों के मुताबिक रसुवा जिले से लगभग 280 और पड़ोसी नुवाकोट जिले से 300 से 350 बच्चे लापता बताए जा रहे हैं। अकेले नुवाकोट की विदुर नगरपालिका से करीब 250 बच्चे गायब हैं। दोनों जिलों में कम से कम 22 शिक्षक और स्कूल कर्मचारी भी लापता हैं। इनमें से कई शिक्षक रसुवा तीर्थयात्रा पर गए थे, जो बाढ़ की चपेट में आ गए। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, बाढ़ से 22 स्कूल प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 12 पूरी तरह से नष्ट हो चुके हैं।
संचार ठप्प होने से राहत कार्य प्रभावित
बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेटवर्क और संपर्क व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाने के कारण लापता बच्चों और लोगों का सटीक आंकड़ा जुटाने में स्थानीय प्रशासन और हेडमास्टरों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद दुखद है, जहां कई परिवारों में माता-पिता बचे हैं तो बच्चे लापता हैं, और कई जगह बच्चे अपने लापता परिजनों की तलाश कर रहे हैं।
