Narendra Modi UAE Special Menu: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में खास मीन्यू तैयार किया गया था। शनिवार (15 जुलाई, 2023) को अबू धाबी में मीन्यू के तहत उन्हें पूरी तरह से शाकाहारी व्यंजन परोसे गए। राष्ट्रपति महल कस्र-अल-वतन में बैंक्वेट लंच का आगाज हरीस (गेहूं) और खजूर के सलाद से हुआ। ये चीजें स्थानीय सब्जियों के साथ परोसी गईं और उसके बाद मसाला सॉस में ‘ग्रिल्ड (भुनी)’ सब्जियां परोसी गई थीं।
आगे गणमान्य व्यक्तियों को फूलगोभी और गाजर तंदूरी के साथ काली दाल और स्थानीय गेहूं परोसी गई। यही नहीं, इसके साथ स्थानीय मौसमी फल भी परोसे गए। भोज की व्यंजन सूची पर लिखा था, ‘‘सभी भोजन शाकाहारी हैं। ये वनस्पति तेल से तैयार किए गए हैं और इसमें कोई डेयरी या अंडा उत्पाद नहीं हैं।’’
पीएम यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के निमंत्रण पर एक दिवसीय यात्रा पर अबू धाबी पहुंचे थे, जहां मोदी के सम्मान में इस भोज का आयोजन किया गया था। वैसे, मोदी शनिवार को ही इस एक दिवसीय ‘सार्थक’ यात्रा को संपन्न कर स्वदेश रवाना हो गए।
स्पेशल ऑल वेज मीन्यूः एक नजर में
- खाने-पीने के सामान में न तो डेरी प्रोडक्ट्स (दूध आदि) थे और न ही अंडे।
- सलादः हरीस, डेट्स सलाद - लोकल ऑर्गैनिक वेजिटेबल के साथ
- स्टार्टरः ग्रिल्ड वेजिटेबल विथ मसाला सॉस
- मेन कोसः ब्लैक लेंटिल एंड लोकल हरीस (वीट) कॉलीफ्लावर और कैरट तंदूरी के साथ
- डेसेर्टः सीजनल लोकल फ्रूट्स।
दोनों नेता स्थानीय मुद्राओं में कारोबार करने, भारत और यूएई की त्वरित भुगतान प्रणालियों को जोड़ने एवं यूएई में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली का परिसर खोलने पर सहमत हुए। दरअसल, भारत और यूएई व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, फिनटेक, रक्षा, सुरक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत बना रहे हैं।
