पाकिस्तान के अशांत और उग्रवाद-प्रभावित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर आतंक ने सिर उठाया है। बन्नू जिले के पीर दल खेल इलाके में अज्ञात उग्रवादियों ने शुक्रवार को पेशावर इलेक्ट्रिक सप्लाई कंपनी (PESCO) के छह कर्मचारियों और एक वाहन चालक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने शनिवार को घटना की पुष्टि की है।
मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हमला
बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब PESCO की टीम इलाके में विद्युत लाइन की मरम्मत के कार्य में जुटी हुई थी। तभी अचानक हथियारबंद उग्रवादियों ने मौके पर धावा बोल दिया और कर्मचारियों के साथ-साथ वाहन चालक को भी बंदूक की नोंक पर अगवा कर लिया। यह इलाका उत्तर वजीरिस्तान की सीमा से सटा हुआ है, जो पहले से ही आतंकवादी गतिविधियों का गढ़ माना जाता है।
पुलिस और सुरक्षाबलों की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाश अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि उग्रवादियों की पहचान और बंधकों की सुरक्षित रिहाई के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। पाकिस्तान खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में पिछले कुछ समय से आतंकी घटनाओं में इजाफा देखा गया है। टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) और अन्य कट्टरपंथी संगठनों की गतिविधियां सुरक्षा बलों और आम नागरिकों दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी हैं।
