अमेरिका में कहर बनकर टूटा विंटर स्टॉर्म, 14 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द, लाखों लोग अंधेरे में, कई राज्यों में आपातकाल
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 25, 2026, 10:02 PM IST
अमेरिका में आए भीषण शीतकालीन तूफान से लगभग 18 करोड़ लोग प्रभावित हो सकते हैं, जो अमेरिका की आधी से अधिक आबादी है। रविवार को यह तूफान हवाई यात्रा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, शनिवार से अब तक अमेरिका में 14,100 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें से 10,000 से ज्यादा उड़ानें अकेले रविवार के लिए निर्धारित थीं।
अमेरिका में विंटर स्टॉर्म का कहर।
अमेरिका इस समय एक भीषण शीतकालीन तूफान की चपेट में है, जिसने देश के बड़े हिस्से में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दक्षिणी रॉकी पर्वतों से लेकर न्यू इंग्लैंड तक फैला यह तूफान भारी बर्फबारी, ओलावृष्टि और जमाने वाली बारिश लेकर आया है। राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, इस तूफान से लगभग 18 करोड़ लोग प्रभावित हो सकते हैं, जो अमेरिका की आधी से अधिक आबादी है।
48 घंटे में 14000 से ज्यादा उड़ानें रद्द
रविवार को यह तूफान हवाई यात्रा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, शनिवार से अब तक अमेरिका में 14,100 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें से 10,000 से ज्यादा उड़ानें अकेले रविवार के लिए निर्धारित थीं। वॉशिंगटन स्थित रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर हालात सबसे खराब रहे, जहां दिन भर की लगभग 99 प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दी गईं।डलास-फोर्ट वर्थ, शार्लोट, फिलाडेल्फिया, अटलांटा, न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी और लागार्डिया एयरपोर्ट जैसे बड़े हवाई अड्डों पर भी भारी अव्यवस्था देखने को मिली। अमेरिकन एयरलाइंस ने रविवार के लिए अपनी लगभग 45 प्रतिशत उड़ानें रद्द कीं, जबकि डेल्टा, साउथवेस्ट और यूनाइटेड एयरलाइंस को भी हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। जेटब्लू की स्थिति और गंभीर रही, जहां 70 प्रतिशत से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं।
अभी जारी रहेगी बर्फबारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह तूफान सोमवार तक जारी रह सकता है। ओहायो वैली से लेकर नॉर्थईस्ट तक भारी बर्फबारी की संभावना है, जबकि मिसिसिपी घाटी से लेकर मिड-अटलांटिक और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में विनाशकारी बर्फ जमाव की आशंका जताई गई है। वॉशिंगटन से लेकर न्यूयॉर्क और बोस्टन तक एक से दो फीट तक बर्फ गिरने का अनुमान है।एक लाख से ज्यादा लोग अंधेरे में
तूफान के कारण बिजली आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। टेनेसी और टेक्सास में एक लाख से ज्यादा उपभोक्ता बिना बिजली के हैं, जबकि मिसिसिपी और लुइसियाना में भी हजारों घर अंधेरे में डूबे हुए हैं। सड़कों पर फिसलन और अत्यधिक ठंड के कारण हादसों का खतरा बढ़ गया है।एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में आपातकाल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दर्जन से अधिक राज्यों में आपातकाल की घोषणा को मंजूरी दी है। फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) ने राहत सामग्री, बचाव दल और कर्मचारियों को पहले से तैनात कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।