स्विट्जरलैंड के बार में कैसे लगी आग? मातम में बदला नए साल का जश्न, खत्म हुईं 40 जिंदगियां; 115 से ज्यादा घायल
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jan 1, 2026, 11:09 PM IST
Switzerland Deadly Fire: स्विट्जरलैंड के आल्प्स पर्वत शृंखला के एक बार में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में करीब 40 लोग मारे गए और 115 अन्य घायल हो गए, जिनमें से अधिकांश की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने हादसे के तत्काल बाद मृतकों की सटीक संख्या की जानकारी नहीं दी थी।
स्विट्जरलैंड के बार में लगी भीषण आग (फोटो साभार: AP)
Switzerland Deadly Fire: स्विट्जरलैंड के आल्प्स पर्वत शृंखला के एक बार में नए साल के जश्न के दौरान धमाके के बाद लगी आग में करीब 40 लोग मारे गए और 115 अन्य घायल हो गए, जिनमें से अधिकांश की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने हादसे के तत्काल बाद मृतकों की सटीक संख्या की जानकारी नहीं दी थी।
बार में कैसे लगी आग?
हादसे के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में वैलेस कैंटन के पुलिस कमांडर फ्रेडरिक गिस्लर ने बार में 'कई लोगों' के मारे जाने की आशंका जताई थी और कहा था कि फिलहाल, आपको अधिक सटीक आंकड़ा देना जल्दबाजी होगी। वैलिस कैंटन के अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिलोड ने कहा कि आग के कारणों के बारे में कोई भी दावा करना अभी जल्दबाजी होगी।
महिला ने बताया आंखों देखा मंजर
दो महिलाओं ने फ्रांसीसी प्रसारक 'बीएफएमटीवी' को बताया कि वे बार के अंदर थीं जब उन्होंने एक 'बारमेड' के हाथ में एक जलती हुई मोमबत्ती थी, जो बोतल में रखी थी और उसी से लकड़ी की छत में आग लग गई। उन्होंने प्रसारक को बताया कि आग तेजी से फैल गई और छत गिर गई। एक महिला ने बताया कि कैसे भीड़ उमड़ पड़ी और लोग घबराकर एक तहखाने में स्थित नाइटक्लब से निकलने के लिए संकरी सीढ़ियों से होते हुए एक संकरे दरवाजे से भागने की कोशिश करने लगे।
क्रांस-मोंटाना रिसॉर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्की और गोल्फ के लिए प्रसिद्ध है और रातोंरात, इसका भीड़भाड़ वाला ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ बार स्विट्जरलैंड की सबसे भयानक त्रासदियों में से एक का स्थल बन गया।