दुनिया

रूस ने यूक्रेनी हमले का दिया मुंहतोड़ जवाब, भीषण ठंड के बीच कई इलाकों में छाया घना अंधेरा; दो लोगों की मौत

Russia Ukraine War: रूस के दक्षिण-पश्चिमी सारातोव क्षेत्र में ड्रोन हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि यूक्रेन में बिजली प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से कई इलाके अंधेरे में डूब गए। सारातोव क्षेत्र के गवर्नर रोमन बुसार्गिन ने शनिवार को बताया कि ड्रोन हमले में एक आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक किंडरगार्टन और क्लीनिक की कई खिड़कियां टूट गईं।

Image

एक-दूसरे पर कहर बरपा रहे रूस-यूक्रेन (फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Russia Ukraine War: रूस के दक्षिण-पश्चिमी सारातोव क्षेत्र में ड्रोन हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि यूक्रेन में बिजली प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से कई इलाके अंधेरे में डूब गए। ये हमले ऐसे समय में हुए, जब रूस और यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में शांति वार्ता जारी है।

रूस ने 41 यूक्रेनी ड्रोनों को किया तबाह

सारातोव क्षेत्र के गवर्नर रोमन बुसार्गिन ने शनिवार को बताया कि ड्रोन हमले में एक आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक किंडरगार्टन और क्लीनिक की कई खिड़कियां टूट गईं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसने शुक्रवार रात रूसी क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे यूक्रेन के 41 ड्रोन मार गिराए। यूक्रेन में रूस ने रातभर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिसमें बिजली प्रतिष्ठानों और बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।

रूस ने यूक्रेन पर बरपाया कहर

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रातभर में यूक्रेन पर 450 से अधिक ड्रोन और 30 मिसाइलें दागीं। उन्होंने ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, “किरोवोग्राद, मायकोलाइव, ओडेसा, सूमी, खार्कीव, खेरसॉन और चेर्निहिव में कल रात हुए हमलों के बाद हजारों परिवारों को बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।” यूक्रेन के उपप्रधानमंत्री और पुनर्निर्माण मंत्री ओलेक्सी कुलेबा ने कहा कि काला सागर के पास ओडेसा पर हुए हमले के कारण बंदरगाह पर स्थित अनाज के गोदामों में आग लग गई।

क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह किपर के अनुसार, ओडेसा क्षेत्र में हुए हमलों में दो लोग घायल हो गए। कीव और उसके पश्चिमी सहयोगी देशों का कहना है कि रूस लगातार चौथी सर्दियों में यूक्रेनी बिजली ग्रिड को पंगु बनाने और नागरिकों को बिजली एवं पानी जैसी सुविधाओं से वंचित करने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि रूस ठंड के मौसम को ''हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article