दुनिया

मालदीव: मुइज्जू के मंत्रियों पर संग्राम, संसद में मतदान के दौरान भिड़े सांसद, एक घायल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 29, 2024, 07:21 AM IST

खबरों के अनुसार, झड़प के दौरान कांदिथीमू से सांसद अब्दुल्ला शहीम अब्दुल हकीम शहीम और केंदीकुलहुधू से सांसद अहमद ईसा के बीच हाथापाई हुई।

Image

मालदीव के सांसद भिड़े

Maldives News: मालदीव की संसद में रविवार को चीन समर्थक राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के मंत्रिमंडल में चार सदस्यों को मंजूरी देने पर हुए मतभेद को लेकर सरकार समर्थक सांसदों और विपक्षी सांसदों के बीच झड़प हो गई। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, मुख्य विपक्षी दल मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने कैबिनेट पर मतदान से पहले राष्ट्रपति मुइज्जू के मंत्रिमंडल के चार सदस्यों की संसदीय मंजूरी रोकने का फैसला किया। इसके बाद सरकार समर्थक सांसदों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे संसदीय बैठक की कार्यवाही बाधित हो गई।

झड़प में सांसद शहीम घायल

खबरों के अनुसार, झड़प के दौरान कांदिथीमू से सांसद अब्दुल्ला शहीम अब्दुल हकीम शहीम और केंदीकुलहुधू से सांसद अहमद ईसा के बीच हाथापाई हुई। खबरों में बताया गया कि हाथापाई के दौरान दोनों सांसद चैंबर के पास गिर गए, जिससे शहीम के सिर पर भी चोटें आईं। अल्पसंख्यक नेता मूसा सिराज ने विवाद को रोकने का प्रयास किया। खबरों के मुताबिक, शहीम को अस्पताल ले जाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सांसद, अध्यक्ष (स्पीकर) की कुर्सी के पास इकट्ठा होते हुए और हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा, फुटेज में अन्य सदस्यों को भी शहीम को बाहर धकेलते हुए दिखाया गया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि सांसद को चोट लगने के बाद एम्बुलेंस में लाया गया।

सत्र को बाधित किया

मुइज्जू के मंत्रियों की मंजूरी दोपहर 1.30 बजे निर्धारित थी, लेकिन कई पीएनसी सदस्यों ने सदन की कार्यवाही को रोक दिया और सत्र को बाधित कर दिया। प्रदर्शन कर रहे पीएनसी सदस्यों ने कहा कि मंत्रियों को स्वीकार करने से प्रगति बाधित होगी, उन्होंने संसद के स्पीकर से पद छोड़ने की मांग की। अधाधू (Adhadhu) की रिपोर्ट के अनुसार, सत्तारूढ़ गठबंधन पार्टियों, पीएनसी और पीपीपी ने एक बयान जारी कर इसे सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति में बाधा करार दिया।

मुइज्जू के मुख्य सलाहकार और पीएनसी अध्यक्ष अब्दुल रहीम अब्दुल्ला ने कहा कि मंत्रियों को फिर से नियुक्त होने का अधिकार है, भले ही वे अधिकृत न हों। उन्होंने मंत्रियों द्वारा मंजूरी न दिए जाने को गैरजिम्मेदाराना करार देते हुए इसकी आलोचना की।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article